Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाहा पर एक युवती ने आपत्तिजनक WhatsApp मैसेज और अश्लील वीडियो भेजने का आरोप लगाया है. युवती का दावा है कि थाना प्रभारी ने जुलूस में उसे देखने के बाद मैसेज किया था, जिसमें लिखा था- ‘तुम जुलूस में आई थी, बहुत क्यूट लग रही थी.’ युवती ने जब इस तरह के मैसेज पर आपत्ति जताई और पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत करने की बात कही तो उसे धमकाने का आरोप भी लगाया है. दूसरी ओर, TI ने मैसेज भेजने से इनकार करते हुए पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश बताया है.
दो साल पहले थाने में हुई थी मुलाकात, फिर शुरू हुई बातचीत
युवती के मुताबिक, करीब दो साल पहले वह अपने रिश्ते के भाई के साथ एक शिकायत लेकर बदनावर थाने पहुंची थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाहा से हुई. युवती का आरोप है कि इसके बाद TI ने उससे बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसकी उम्र, कॉलेज, काम और घर के पते जैसी निजी जानकारियां पूछने लगे. युवती का दावा है कि कुछ समय बाद थाना प्रभारी ने उसे WhatsApp पर आपत्तिजनक मैसेज और अश्लील वीडियो भेजे. उसने इस पर विरोध जताया और SP से शिकायत करने की बात कही. आरोप है कि इसके बाद उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई. युवती ने यह भी दावा किया है कि मैसेज किसी को दिखाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी. उसने कथित WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट भी सामने रखे हैं. हालांकि, इन संदेशों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
मां से मारपीट की शिकायत लेकर पहुंची, FIR दर्ज नहीं करने का आरोप
युवती ने अपने पड़ोस में रहने वाले शराब कारोबारी पर भी परिवार को लंबे समय से परेशान करने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि करीब छह महीने बाद घर के पास बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पड़ोसी सत्यनारायण जायसवाल और पप्पू जायसवाल ने उसकी मां के सिर पर लोहे के एंगल से हमला कर दिया. युवती के मुताबिक, परिवार ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली. मां से मारपीट की शिकायत लेकर जब वह बदनावर थाने पहुंची तो उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई. युवती का आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की और उसे बाहर निकाल दिया. उसने पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं.
पड़ोसी पर भाई को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप
युवती ने पड़ोसी शराब कारोबारी पर उसके भाई को ड्रग्स, अफीम और दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है. उसका दावा है कि परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है. युवती का कहना है कि वह और उसका परिवार करीब दो साल से इस तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं. उसने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी और पड़ोसी के बीच मिलीभगत है और इसी वजह से उसकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही. युवती के अनुसार, उसने इस पूरे मामले को लेकर धार के पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर से शिकायत की है. उसने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और थाने में कथित बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कदम उठाने की मांग की है.
TI ने आरोपों को बताया साजिश, WhatsApp मैसेज से किया इनकार
वहीं, थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाहा ने युवती की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि युवती शिकायत लेकर थाने आई थी, लेकिन उस समय दूसरे मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही थी. इसलिए उसे कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया था. TI के मुताबिक, युवती चाहती थी कि पहले उसकी शिकायत दर्ज की जाए. उन्होंने WhatsApp मैसेज भेजने से भी इनकार किया है. TI का दावा है कि युवती के खिलाफ गांव के कई लोगों ने आवेदन दिया है और ग्रामीण उससे परेशान हैं. फिलहाल, युवती के आरोपों और TI के जवाब के बीच मामले की निष्पक्ष जांच अहम है. सामने आए कथित चैट संदेशों की सत्यता और शिकायत पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.