India News (इंडिया न्यूज),Delhi Budget Session 2025: दिल्ली विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र की शुरुआत से पहले एक विशेष खीर सेरेमनी का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर सबसे पहले भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी, इसके बाद भगवान श्रीराम को खीर का भोग अर्पित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान राम 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, उसी तरह दिल्ली की यह सरकार 27 साल बाद सत्ता में लौटी है।
इस आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने हाथों से मंत्रियों को खीर खिलाकर मुंह मीठा कराया। इसके अलावा, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, ऑटो चालक और एमसीडी कर्मचारियों सहित कई वर्गों के लोगों को भी खीर वितरित की गई। कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी मुख्यमंत्री को खीर खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
Delhi Budget Session 2025: भगवान राम को खीर खिलाकर CM रेखा गुप्ता ने की शुरुआत
#WATCH दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बजट सत्र की शुरुआत से पहले ‘खीर’ तैयार की। pic.twitter.com/QkCnNIf831
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 24, 2025
सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार 27 साल बाद अपना बजट प्रस्तुत करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बजट में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। व्यापारी, संस्थान, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग और अन्य वर्गों के प्रतिनिधियों से राय लेकर बजट तैयार किया गया है। उन्होंने इसे डबल इंजन की सरकार का बजट बताते हुए कहा कि यह बजट जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। खीर का भोग भगवान श्रीराम को अर्पित करने के बाद इसे आम लोगों में वितरित किया गया, जो इस बजट से सीधे जुड़े हुए हैं।