India News (इंडिया न्यूज),Delhi Murder News: दिल्ली के रणहौला इलाके में एक मजदूर की पैसे के विवाद को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने घर में घुसकर 35 वर्षीय ओम प्रकाश की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हत्या की वजह मृतक द्वारा किए गए काम के पैसे मांगना बताया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस को गड्डा कॉलोनी के एक घर से एक शख्स के मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने मौके से एफएसएल और क्राइम टीम को बुलाकर सबूत जुटाए और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Delhi Murder News
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि ओम प्रकाश और आरोपी के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक ने आरोपी के घर में 20 दिन पहले काम किया था, जिसके पैसे नहीं मिले थे। इसी बात पर सुबह भी दोनों में झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद ओम प्रकाश घर लौट आया और सो गया। कुछ ही घंटों बाद उसका शव घर के अंदर मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जगह-जगह छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।