ICAI CA Result January 2026: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने CA फाउंडेशन और इंटरमीडिएट जनवरी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. देशभर के हजारों उम्मीदवार अब अपना परिणाम ICAI की आधिकारिक वेबसाइट्स icai.nic.in और icai.org पर जाकर देख सकते हैं. इस बार के नतीजों में कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है और अपनी मेहनत के दम पर ऑल इंडिया रैंक हासिल की है.
इस साल हरियाणा के एलेनाबाद के रहने वाले कन्हैया लाल (Kanhaiya Lal) ने CA इंटरमीडिएट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है. उन्होंने 600 में से 508 अंक प्राप्त किए, जो 84.67 प्रतिशत के बराबर है. उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्व महसूस कराया है.
CA फाउंडेशन में लोगप्रिया पी.पी. ने हासिल की पहली रैंक
वहीं CA फाउंडेशन परीक्षा में मदुरै की Logapriya P P ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की. उन्होंने 400 में से 366 अंक प्राप्त किए, जो 91.50 प्रतिशत है. दूसरे स्थान पर मिदनापुर की खुशी सिकारिया रहीं, जिन्होंने 365 अंक (91.25%) हासिल किए. तीसरी रैंक तीन उम्मीदवारों कन्नूर की हिबा पी., काठमांडू की सुमन कार्की और सूरत के राघव नरेश गुप्ता ने हासिल की है, जिन्होंने 90.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए.
इंटरमीडिएट परीक्षा का पास प्रतिशत
CA इंटरमीडिएट जनवरी 2026 परीक्षा के परिणाम तीन श्रेणियों ग्रुप I, ग्रुप II और दोनों ग्रुप साथ में जारी किए गए हैं. ग्रुप II में सबसे ज्यादा सफलता दर दर्ज की गई. इस ग्रुप में 69,477 उम्मीदवारों में से 10,798 उम्मीदवार सफल हुए, जिससे पास प्रतिशत 15.54 रहा. ग्रुप I में कुल 1,05,526 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 14,733 उम्मीदवार पास हुए। इस ग्रुप का पास प्रतिशत 13.96 रहा. दोनों ग्रुप एक साथ देने वाले उम्मीदवारों का पास प्रतिशत सबसे कम रहा. इसमें 41,798 उम्मीदवारों में से केवल 3,924 ही सफल हो सके, जिससे पास प्रतिशत 9.39 रहा.
फाउंडेशन परीक्षा में पुरुष उम्मीदवार आगे
CA फाउंडेशन परीक्षा के परिणामों में पुरुष उम्मीदवारों ने महिला उम्मीदवारों से थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया. करीब 57,238 पुरुष उम्मीदवारों में से 11,523 ने परीक्षा पास की, जिससे उनका पास प्रतिशत 20.13 दर्ज किया गया. वहीं 52,456 महिला उम्मीदवारों में से 9,576 सफल रहीं, जिससे उनका पास प्रतिशत 18.26 प्रतिशत रहा.
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
परीक्षा में शामिल उम्मीदवार ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपने रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से लॉग इन करना होगा. ऑनलाइन उपलब्ध मार्कशीट में विषयवार अंक, कुल प्राप्त अंक और क्वालिफाइंग स्टेटस की जानकारी दी जाती है. उम्मीदवार भविष्य के उपयोग के लिए इसे डाउनलोड भी कर सकते हैं.
अगले चरण के लिए योग्य होंगे सफल उम्मीदवार
CA फाउंडेशन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार अब चार्टर्ड अकाउंटेंसी प्रोग्राम के अगले चरण, यानी CA इंटरमीडिएट कोर्स में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पात्र हो जाएंगे. यह परीक्षा हर साल हजारों छात्रों के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होती है.