हाल ही में कन्नड़ अभिनेत्री नित्या मेनन इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. उनका ये बयान शादी और बच्चों से संबंधित है. एक्ट्रेस नित्या मेनन का मानना है कि बच्चे पैदा करने के लिए या मां बनने के लिए शादी करने की जरूरत नहीं है.
बता दें कि नित्या ने कन्नड़ अभिनेत्री भावना के बिना शादी किए मां बनने के फैसले का समर्थन किया. नित्या का कहना है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है, यह अभिनेत्री की अपनी पसंद है.
शादी के बिना मां बनने का लिया फैसला
कन्नड़ सिनेमा की अभिनेत्री भावना ने शादी के बिना मां बनने का फैसला लिया है, जिसका कई लोगों ने विरोध किया और उनके बयान की आलोचना की. वहीं कई लोगों का ये भी मानना है कि शादी का मतलब क्या सिर्फ बच्चे पैदा करना ही होता है? उल्लेखनीय है कि इसी तरह के विचारों पर आधारित ‘कडालिक्का नेरामिल्ले’ नाम की एक फिल्म पिछले साल रिलीज हुई थी, जिसमें नित्या मेनन ने मुख्य भूमिका निभाई थी. इस फिल्म की रिलीज़ के दौरान उन्होंने इंडिया ग्लिट्ज तमिल यूट्यूब चैनल को एक इंटरव्यू दिया था. एक्ट्रेस भावना की प्रेग्नेंसी से जुड़े बवाल के बीच इसी इंटरव्यू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
शादी के बिना प्रेग्नेंसी को सही मानती हैं नित्या
इंटरव्यू के दौरान जब नित्या से पूछा गया कि क्या शादी से पहले प्रेग्नेंट होना सही है? इस पर नित्या ने कहा, ‘शादी के बाद प्रेग्नेंट होने की तुलना में शादी से पहले प्रेग्नेंट होना बेहतर है. बिना शादी के प्रेग्नेंट होना ठीक है. अगर आप बच्चे चाहते हैं, तो शादी न करना भी ठीक है.” नित्या ने आगे कहा, “आजकल बच्चे पैदा करने के कई तरीके हैं. बहुत से लोग इन्हें अपना रहे हैं.’ इसी बीच जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि आपकी पसंद क्या है, शादीशुदा जीवन या संतानहीन जीवन? इस पर नित्या ने जवाब दिया कि वैवाहिक संबंध और संतानहीन जीवन, मेरी पसंद है. नित्या का ये बयान अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है.
अभी तक नहीं मिला सही जीवनसाथी
नित्या मेनन 38 साल की हो चुकी हैं, लेकिन अभी भी उन्होंने शादी नहीं की है. एक इंटरव्यू में नित्या ने अपनी शादी को लेकर कहा था कि वो शादी को लेकर किसी जल्दबाजी में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बचपन से ही मैं एक ऐसा जीवनसाथी चाहती थी जिसके साथ जिंदगी खूबसूरत हो, लेकिन मुझे कभी ऐसा जीवनसाथी नहीं मिला. नित्य मेनन ने बताया कि मुझे घर पर कई बार शादी करने के लिए मजबूर किया गया, लेकिन मुझे अभी तक सही जीवनसाथी नहीं मिला.
नित्या मेनन के बारे में
नित्या मेनन कन्नड़ सिनेमा की बड़ी अभिनेत्री हैं और उन्होंने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. नित्या के वर्तमान वर्कफ्रंट की बात करें तो आखिरी बार वो पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘इडली कड़ाई’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ धनुष प्रमुख भूमिका में थे. साथ ही वो विजय सेतुपति के साथ ‘थलाइवन थलाइवी’ में भी नजर आई थीं.