बीते दिनों गाजियाबाद कॉलेज में गायिका सुनंदा शर्मा का कॉन्सर्ट हुआ था. वहां पर शो के दौरान स्टेज पर अचानक एक युवक आ धमका, जिससे काफी हंगामा मचा था. अब सिंगर के लाइव कॉन्सर्ट से कुछ हैरान करने वाले वीडियोज सामने आए हैं, जहां दर्शकों के जमकर मारपीट हो रही है. इतना ही नहीं, लात-घूंसे भी चल रहे हैं. भीड़ हुई अनियंत्रित
सुनंदा शर्मा के बरेली कॉन्सर्ट का एक वीडियो सामने आया है, जहां उनके शो को देखने के लिए इतनी संख्या में भीड़ इकट्ठा हुई कि अफरा-तफरी मच गई. वीडियो में देखा गया कि पुलिस इस हालात को संभालती दिख रही है. इंटरनेट पर साझा किए गए वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘आज (5 अप्रैल) बरेली स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी में प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. हालांकि, इतनी बड़ी हस्ती को आमंत्रित करने के बाद विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को कार्यक्रम को ठीक से आयोजित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. भीड़ उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई, जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.’
चले लात-घूंसे
एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मेरठ के स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में सुनंदा शर्मा के कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच झड़प हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि युवकों के बीच हाथापाई हो रही है और लात-घूंसे चलाए जा रहे हैं. यह वीडियो लोगों को हैरान कर रहा है.
सुनंदा शर्मा के बारे में
सुनंदा शर्मा की बात करें तो, वह पंजाबी संगीत जगत में बेहद लोकप्रिय हैं. उन्होंने हिंदी में भी कुछ गाने गाए हैं. उनके कुछ उल्लेखनीय गाने हैं ‘बिल्ली अख’, ‘पटाके’, ‘जट्ट यमला’, ‘कोके’, ‘मोरनी’, ‘संदल’, ‘बन’, ‘दूजी वार प्यार’, ‘चंडीगढ़ का छोकरा’ आदि. सुनंदा को भारत के संगीत उद्योग की नई बॉस लेडी के रूप में जाना जाता है. उन्होंने 2024 के कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी.