Clove water Health Benefits: आजकल की जैसी हमारी लाइफस्टाइल है उसमें सेहतमंद रह पाना किसी चुनौती से कम नहीं है. ऐसे में हेल्दी और फिट रहने के लिए लोग तमाम उपाय करते हैं. हाल ही में फिटनेस फ्रीक लोगों ने नए-नए हेल्थ पैरामीटर सेट किए हैं. सोशल मीडिया पर भी हर दिन नए हेल्थ ट्रेंड सामने आ रहे हैं. लेकिन, कुछ खोजें बहुत ज्यादा लाभकारी भी हुई हैं. इन्हीं में से एक है लौंग का पानी. अगर आप रोज खाली पेट लौंग का पानी पीते हैं तो सेहत को कमाल के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि, लौंग का पानी पीना सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. दरअसल, लौंग एक शक्तिशाली आयुर्वेदिक मसाला है, जिसे औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है. अगर आप रोज सुबह खाली पेट लौंग का पानी पीते हैं, तो यह आपकी सेहत में चमत्कारी बदलाव ला सकता है. अब सवाल है कि आखिर रोज लौंग का पानी पीने से क्या होगा? सुबह-सुबह लौंग का पानी पीने के क्या फायदे हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
लौंग का पानी पीने से क्या होगा
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लौंग के पानी का नियमित सेवन करने से पेट से जुड़ी परेशानियां कम होती हैं. पाचन तंत्र मजबूत होता है, इम्यूनिटी बढ़ती है, त्वचा साफ होती है और वजन घटाने में भी मदद मिल सकती है. इसके एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सर्दी-खांसी से राहत दिलाते हैं और दांतों की समस्याओं को भी दूर करते हैं.
खाली पेट लौंग का पानी पीने के फायदे
पेट से जुड़ी परेशानियां कम करे: अगर आप सुबह उठते ही पेट फूलने या भारीपन महसूस करते हैं, तो लौंग का पानी आपके लिए किसी रीसेट बटन की तरह काम कर सकता है. बता दें कि, लौंग आपके शरीर में ऐसे एंजाइम छोड़ने में मदद करती है जो भोजन को पचाते हैं. इसलिए आपका नाश्ता पेट में पत्थर की तरह नहीं पड़ा रहता. अगर आपको गैस या बेचैनी की समस्या है, तो यह पानी आपके पेट को आराम पहुंचाता है. यह दिन का खाना शुरू करने से पहले आपके पेट के लिए एक तरह से वार्म-अप स्ट्रेच की तरह है.
मुंह की बदबू और बैक्टीरिया दूर करे: दांत दर्द के लिए कई डेंटिस्ट लौंग का तेल इस्तेमाल करते हैं. बता दें कि, लौंग मुंह की दुर्गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया को मारती है, इसलिए सुबह लौंग का पानी पीने से आपको अंदर से ताजगी मिलती है. आपको पता भी नहीं चलता कि रात भर आपके मुंह में कितनी गंदगी जमा रहती है, जब तक आप इसे पीना शुरू नहीं करते और खुद को तरोताजा महसूस नहीं करते. यह माउथवॉश से कुल्ला करने का एक प्राकृतिक तरीका है, लेकिन उससे कहीं ज्यादा कोमल.
कमजोर हो रही इम्यूनिटी बूस्ट करे: रोजाना लौंग का पानी पीने से इम्युनिटी बूस्ट होती है. बता दें कि, लौंग में एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं. ये शरीर को संक्रमण से बचाते हैं और इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं. सर्दी-खांसी और वायरल बीमारियों से लड़ने में यह बहुत मददगार है.
शरीर का वजन घटाने में सहायक: रिपोर्ट के मुताबिक, लौंग का पानी मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे शरीर की चर्बी जल्दी बर्न होती है. यह भूख को नियंत्रित करता है और शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालता है, जिससे वजन घटाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है.
मानसिक तनाव को कम करे: हेल्थ एक्सपर्ट लौंग को मानसिक तनाव करने में भी यूज करते हैं. बता दें कि, लौंग का पानी दिमाग को शांत करता है और नींद की गुणवत्ता को सुधारता है. यह मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है और तनाव को कम करता है.
दिल की सेहत के लिए अच्छा: इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स हार्ट को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं. इससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है. इसके अलावा, लौंग का पानी त्वचा को साफ करता है और मुंहासों जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है.
कैसे बनाएं लौंग का पानी?
रात में 3–4 लौंग एक गिलास पानी में भिगो दें. सुबह इस पानी को हल्का गर्म करें. छानकर खाली पेट धीरे-धीरे पी लें. रोजाना 30 दिन तक इसका सेवन करें. इससे सेहत को ढेरों लाभ हो सकते हैं.