India News (इंडिया न्यूज), Himachal Drug Smuggling: हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के खिलाफ अब महिलाएं भी सक्रिय हो गई हैं। खासकर चिट्टे के सेवन और युवाओं की मौतों को लेकर महिला मंडल अब अपने क्षेत्र में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सामने आई हैं। जिला कुल्लू और लाहौल स्पीति के ग्रामीण इलाकों में महिलाएं नशे के खिलाफ जंग लड़ने के लिए मोर्चा संभाल रही हैं।
लाहौल घाटी के थिरोट महिला मंडल ने पंचायत के माध्यम से एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें यह साफ किया गया है कि यदि किसी व्यक्ति को चिट्टा या चरस का सेवन करते या उसका कारोबार करते पाया गया तो उसे गांव से बहिष्कृत किया जाएगा। साथ ही उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
Himachal Drug Smuggling
कुल्लू की मनाली, पलचान और शनाग क्षेत्रों में भी पंचायतों ने इसी तरह के कदम उठाए हैं। यहां नशे के तस्करों की सूचना देने पर 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। महिला मंडल अब किराए के कमरों में रह रहे लोगों की भी जांच कर रही हैं और अन्य लोगों से अपील कर रही हैं कि यदि वे नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी रखते हैं तो उसे तुरंत महिला मंडल तक पहुंचाएं।
मनाली पंचायत की प्रधान मोनिका भारती ने बताया कि मकान मालिकों को किरायेदारों के पहचान पत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दुकानदारों, होटल मालिकों और अन्य व्यापारियों को भी नशे के कारोबार पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इन प्रयासों से यह स्पष्ट है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ महिलाएं अब निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।