Aaj Ka Mausam 25 April 2026: देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी के साथ लू का कहर भी देखने को मिल रहा है. आलम यह है कि सुबह होने के साथ ही गर्मी का दौर शुरू होता है और शाम तक जारी रहता है. रातें भी अब गर्म होने लगी हैं. इसका मतलब गर्मी के चलते ना दिन को आराम मिल रहा है और ना रात को सुकून. इस बीच भारतीय मौसम विभाग विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, भीषण गर्मी का यह दौर जारी रहेगा. आगामी कई दिनों तक इससे राहत नहीं मिलने वाली है. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने को बेताब है. देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच शनिवार (25 अप्रैल, 2026) को 12 राज्यों में भारी बारिश अलर्ट है. इन राज्यों में बारिश के साथ-साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगीं.
कहां-कहां पड़ेगी गर्मी
IMD के मुताबिक, शनिवार (25 अप्रैल, 2026) को उत्तर भारत में तपती गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, शामली, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, सोनीपत, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़) के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के करीब-करीब सभी राज्यों में आगामी 3-4 दिनों के दौरान भीषण गर्मी के साथ लू का कहर लोगों को झेलना होगा. बिहार की बात करें तो यहां पर 25 अप्रैल को लू का असर दिखेगा. इसके बाद अगले दो दिन 26-27 अप्रैल को तेज हवाओं के बारिश का अलर्ट है.
कहां-कहां होगी बारिश
बिहार की बात करें तो पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव होने से राज्य के कई जिलों में रविवार (26 अप्रैल) और सोमवार (27 अप्रैल) का बारिश का अलर्ट जारी है. हालांकि, मौसम का मिजाज शनिवार की शाम तक बिहार में बदल जाएगा. पूर्वोत्तर के 12 राज्यों के लिए भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर के राज्यों की बात करें तो असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में शनिवार को बारिश होगी. इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज तूफान का भी अलर्ट है. मौसम की निजी जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और केरल में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश संभव है.
उत्तर भारत में कहां हो सकती है बारिश
उधर, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पश्चिमी पंजाब और पश्चिम हरियाणा में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. 25 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां संभव हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 25 से 28 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना IMD की ओर से जताई गई है. झारखंड में रविवार (26 अप्रैल, 2026) को बारिश होने की प्रबल संभावना है.