NVIDIA CEO Resignation: दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी NVIDIA में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है. कंपनी के सह-संस्थापक और CEO जेनसन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. इसके साथ ही कंपनी ने मौजूदा CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी है. वह स्थायी CEO की नियुक्ति होने तक कंपनी की कमान संभालेंगी. खास बात यह है कि इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के बावजूद वह CFO और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी बनी रहेंगी.
33 साल बाद जेनसन हुआंग ने छोड़ी कंपनी की कमान
NVIDIA के निदेशक मंडल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जेनसन हुआंग ने कंपनी के प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दिया है. उन्होंने पिछले 33 वर्षों में कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उनके नेतृत्व में NVIDIA गेमिंग ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से AI और तेज कंप्यूटिंग के क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बनी. हालांकि, कंपनी ने उनके इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं की है. स्थायी CEO के लिए कंपनी के भीतर और बाहर दोनों जगह उम्मीदवारों की तलाश की जाएगी.
कौन हैं कोलेट क्रेस, जिन्हें मिली जिम्मेदारी?
कोलेट क्रेस सितंबर 2013 में NVIDIA से जुड़ी थीं. करीब 13 वर्षों से वह कंपनी के वित्तीय विभाग का नेतृत्व कर रही हैं. इससे पहले वह लगभग 25 साल तक टेक्नोलॉजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों में वित्त से जुड़े पदों पर काम कर चुकी हैं. इनमें सिस्को और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां शामिल हैं. अब उन्हें कंपनी का रोजमर्रा का कामकाज संभालने के साथ नेतृत्व परिवर्तन को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी मिली है.
हार्वे जोन्स बने कंपनी के पहले बोर्ड चेयरमैन
NVIDIA ने नेतृत्व बदलाव के साथ पहली बार बोर्ड चेयरमैन का पद भी बनाया है. हार्वे सी. जोन्स को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है. वह Synopsys के CEO और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन भी रह चुके हैं. हार्वे जोन्स ने कोलेट क्रेस पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कंपनी के कारोबार, ग्राहकों और वित्तीय स्थिति की गहरी समझ है. वहीं, कोलेट ने कहा कि वह जेनसन हुआंग की बनाई मजबूत नींव को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. कंपनी AI और तेज कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अपना काम जारी रखेगी. ग्राहकों, साझेदारों, डेवलपर्स और शेयरधारकों की जरूरतें पूरी करना उसकी प्राथमिकता होगी. NVIDIA ने जेनसन हुआंग के 33 साल के योगदान के लिए उनका आभार जताया है. कंपनी का कहना है कि उनके काम का प्रभाव पूरी टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री पर पड़ा है. हालांकि, उनके इस्तीफे के कारण और स्थायी CEO की नियुक्ति की समयसीमा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.