Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे पैदल चल रहे एक युवक को तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट दूर जाकर गिरा. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज में बस युवक को टक्कर मारती नजर आ रही है. वहीं, घायल युवक की मां ने इसे पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर किया गया हमला बताया है.
यह घटना छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में गंज रोड की है. जानकारी के मुताबिक, बीते 9 नवंबर को बड़ामलहरा निवासी भरत यादव सड़क किनारे पैदल जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में भरत गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
मां ने लगाया जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप
घायल भरत यादव की मां ने बस चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई जानबूझकर की गई घटना है. मां ने बस मालिक घनश्याम राय की बस से जुड़े भानु राय पर उनके बेटे को टक्कर मारने का आरोप लगाया है.परिजनों का कहना है कि बस चालक ने युवक को जानबूझकर टक्कर मारी. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क किनारे पैदल चल रहे एक युवक को तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट दूर जाकर गिरा। https://t.co/JuACP70qbA
— Divyanshi Singh (@DivyanshiS8913) November 14, 2026
बस रोकने के लिए पथराव करने वालों पर FIR का आरोप
घायल की मां ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि बेटे को टक्कर मारने के बाद बस को रोकने के लिए कुछ लोगों ने पथराव किया था. लेकिन कार्रवाई के दौरान घायल पक्ष को न्याय मिलने के बजाय पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बस चालक ने जानबूझकर युवक को टक्कर मारी थी या यह सड़क हादसा था.