बॉलीवुड की दुनिया में कभी दिग्गज सितारों संग काम करने वाले अभिनेता शरद कपूर की हालत इन दिनों बहुत खराब है. उनकी आर्थिक हालत बिल्कुल सही नहीं है. अभी एक्टर के कुछ वीडियोज इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह अपने 4 पालतू कुत्तों को भी मजबूरी के चलते शेल्टर होम भेज रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड से भी मदद की गुहार लगाई है.
शरद कपूर को हेल्थ खराब है
मुंबई की नॉन-गवर्नमेंटल ऑर्गनाइज़ेशन (NGO) बेज़ुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की फाउंडर और शरद की दोस्त हेमा चौधरी ने एक वीडियो शेयर करके बताया कि एक्टर के कुत्तों को उनके घर से क्यों हटाया जा रहा है. वीडियो में हेमा ने कहा कि शरद को कुछ हेल्थ प्रॉब्लम और फिजिकल चैलेंज का सामना करना पड़ रहा था, जिसके लिए उन्हें देखभाल की ज़रूरत थी.
क्यों कुत्तों को भेजा शेल्टर होम?
क्लिप में हेमा ने बताया कि शरद की पत्नी और उनका नया बच्चा एक ही घर में रहते हैं. एक्टर की हालत की वजह से चार कुत्तों की देखभाल करना एक दिक्कत बन गई थी. पालतू जानवरों का कोई केयरटेकर नहीं था. हेमा ने कहा कि शरद नहीं चाहते थे कि उनके कुत्ते घर से बाहर जाएं, लेकिन परिवार मुश्किल हालात से जूझ रहा है. उन्होंने बताया कि YODA मुंबई, एक नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइज़ेशन, जानवरों को उनके वेलफेयर सेंटर ले जाएगा.
एक्टर हुए इमोशनल
अपने पालतू कुत्तों को याद कर शरद कपूर भावुक हो गए. उन्होंने उम्मीद जताई कि नया घर मिलने के बाद वह अपने पेट्स को वापस ला सकेंगे, क्योंकि उनके बिना रहना मुश्किल है. एक्टर ने यह भी साफ किया कि उनके साथ जानवरों के प्रति क्रूरता का कोई मामला नहीं है. उन्होंने कहा कि वह जानवरों से बेहद प्यार करते हैं और हालात सुधरने पर जल्द उनसे दोबारा मिलना चाहते हैं.
शरद कपूर का करियर
शरद कपूर ने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत 1996 की फ़िल्म दस्तक से की थी. इन सालों में, उन्होंने ‘जोश’ , ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी कई फ़िल्मों में काम किया. ‘जोश’ के लिए शरद को नेगेटिव रोल में बेस्ट एक्टर के लिए फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड में नॉमिनेशन मिला था. उन्हें आखिरी बार 2019 की हिंदी फिल्म ‘जबरिया जोड़ी’ में देखा गया था , जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा ने अभिनय किया था.