Andhra Pradesh Crime: इन दिनों अवैध संबंध की वजह से कई रिश्ते बर्बाद होते जा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले से आया है. थोंडापी गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर अफेयर के शक में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसका पैर काट दिया. यही नहीं आरोपी कटे हुए पैर को लेकर खुद ही पुलिस थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया. दूसरी तरफ घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया.
बताया जा रहा है कि लक्ष्मय्या को अपनी 33 साल की पत्नी भुलक्ष्मी के चरित्र पर लंबे समय से शक था. इस वजह से दोनों के बीच जमकर झगड़ा होता था. ऐसे ही एक झगड़े के बाद शख्स ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका दाहिना पैर काट दिया. इस दौरान वह अफेयर का आरोप लगाकर चिल्लाता रहा कि ‘अब प्रेमी से मिलकर दिखाओ.’
कटे हुए पैर को लेकर स्टेशन पहुंचा आरोपी पति
इसके बाद आरोपी पति कटे हुए पैर को अपने साथ लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा और वहां उसने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया. दूसरी तरफ खून से लथपथ पत्नी वहीं पर पड़ी थी. उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी. लोगों ने जब भुलक्ष्मी को चीखते-चिल्लाते और खून से लथपथ पड़ा देखा को उसे तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे.
इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने आरोपी लक्ष्मय्या के खिलाफ हत्या की कोशिश और गंभीर हमले को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
विजयनगरम में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी थी पति की हत्या
कुछ महीने पहले आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले से पति की हत्या का मामला सामने आया था, जब पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड और दो साथियों के साथ मिलकर अपने पति को ही मौत के घाट उतार दिया था. अवैध संबंध की वजह से शख्स ने अपनी पत्नी को डांटा था, जिसके बाद उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ अपने पति की हत्या करने का फैसला किया. बाद में मिलकर हत्या भी कर दी थी.