Pune University News: महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां MIT-ADT यूनिवर्सिटी के लोनी कालभोर कैंपस में फर्स्ट ईयर की एक छात्रा करीब 14 घंटे तक लिफ्ट के अंदर फंसी रही. बुधवार शाम लेक्चर खत्म होने के बाद छात्रा घर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़ी थी. इसी दौरान बिजली चली गई और लिफ्ट 5वीं और 6वीं मंजिल के बीच अटक गई. हैरानी की बात यह है कि लिफ्ट में लगा इमरजेंसी अलार्म भी काम नहीं कर रहा था. आखिरकार गुरुवार सुबह टेक्नीशियन ने लिफ्ट खोली, जिसके बाद छात्रा को बाहर निकाला गया.
बिजली गुल होते ही बीच में अटक गई लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम छात्रा अपना लेक्चर खत्म करने के बाद घर जाने के लिए लिफ्ट में दाखिल हुई थी. इसी दौरान अचानक बिजली चली गई और लिफ्ट दो मंजिलों के बीच फंस गई. छात्रा ने अपने माता-पिता को फोन करने की कोशिश की, लेकिन नेटवर्क नहीं होने के कारण बात नहीं हो सकी. इतना ही नहीं, लिफ्ट के अंदर लगा इमरजेंसी अलार्म बटन भी काम नहीं कर रहा था. छात्रा ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उस समय कैंपस में ज्यादातर लोग जा चुके थे. बिजली आने के बाद भी लिफ्ट शुरू नहीं हुई और मेंटेनेंस मोड में चली गई. ऐसे में छात्रा को पूरी रात लिफ्ट के अंदर ही बितानी पड़ी.
बेटी घर नहीं पहुंची तो परेशान हुए माता-पिता
दूसरी तरफ, जब छात्रा देर रात तक घर नहीं पहुंची तो उसके माता-पिता की चिंता बढ़ गई. उन्होंने यूनिवर्सिटी पहुंचकर बेटी की तलाश शुरू की. कैंपस के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिजनों ने लोनी कालभोर पुलिस स्टेशन में अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी. पुलिस भी छात्रा की तलाश में जुट गई. उसकी आखिरी लोकेशन यूनिवर्सिटी कैंपस में ही मिली थी.
सुबह लिफ्ट खुली तो अंदर मिली छात्रा
गुरुवार सुबह क्लास शुरू होने से पहले लिफ्ट की मरम्मत के लिए तकनीकी टीम पहुंची. जब कर्मचारियों ने खराब लिफ्ट को खोलने का काम शुरू किया तो अंदर छात्रा फंसी हुई मिली. करीब 14 घंटे बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत उसके माता-पिता को सूचना दी.
यूनिवर्सिटी ने बनाई जांच कमेटी
यूनिवर्सिटी के पीआरओ चंद्रकांत बोरुडे के मुताबिक, छात्रा के लापता होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी. उन्होंने बताया कि कैंपस में सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया था. प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है. साथ ही लिफ्ट कंपनी से भी जवाब मांगा गया है. कंपनी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. वहीं, लोनी कालभोर पुलिस के इंस्पेक्टर समाधान पवार ने बताया कि छात्रा के लापता होने पर अपहरण का केस दर्ज किया गया था. छात्रा के सुरक्षित मिलने के बाद उसके माता-पिता ने शिकायत वापस ले ली. अब पुलिस यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ मिलकर लिफ्ट में आई खराबी की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Madras High Court: मैरिज सर्टिफिकेट भी नहीं आया काम, हिंदू-ईसाई की शादी को हाई कोर्ट ने क्यों बताया अमान्य?