Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब सात फेरों से पहले ही दहेज को लेकर विवाद खड़ा हो गया. घर में शहनाइयां बज रही थीं, मेहमान शादी की रस्में देखने के लिए जुटे थे और दुल्हन अपने जीवन के नए सफर की तैयारी कर रही थी. तभी दूल्हे के पिता ने ऐसी मांग रख दी कि पूरा माहौल बदल गया. आरोप है कि दहेज की बची हुई रकम नहीं मिलने पर लड़के वाले बारात वापस ले जाने लगे. इसके बाद गांव में ऐसा बवाल हुआ कि मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया. आखिरकार पुलिस की दखल के बाद शादी संपन्न कराई गई.
शादी की खुशियों के बीच बिगड़ा खेल
यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र की रामपुर कृष्णा पंचायत के हरपुर कृष्णा गांव का है. यहां रहने वाले विनोद पासवान की बेटी रूपा कुमारी की शादी रामपुर दयाल निवासी रामदास पासवान के बेटे अनंत कुमार से तय हुई थी. रविवार को बारात पूरे धूमधाम से दुल्हन के दरवाजे पहुंची. मेहमानों का स्वागत हुआ और विवाह की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान लड़के के पिता ने दहेज के बकाया रुपये की मांग उठा दी.
बारात लौटाने लगे लड़के वाले
लड़की पक्ष ने अपनी आर्थिक मजबूरी बताते हुए तत्काल बाकी रकम देने में असमर्थता जताई. इसी बात पर लड़के के पिता नाराज हो गए. आरोप है कि इसके बाद लड़के वाले बिना शादी किए ही वापस जाने की तैयारी करने लगे. बारात को वापस जाते देख दुल्हन पक्ष के परिजनों और गांव के लोगों ने विरोध किया. हालात ऐसे बने कि स्थानीय लोगों ने दूल्हे अनंत कुमार और उसके बहनोई को रोक लिया और बंधक बना लिया. इसके बाद तुरंत सकरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम गांव पहुंच गई.
पुलिस ने कराई शादी
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की. इस दौरान दूल्हे ने पुलिस को बताया कि विवाद उसके अभिभावकों के स्तर का है और वह खुद इस शादी के लिए तैयार है. पुलिस ने कई घंटों तक दोनों पक्षों को समझाया. आखिरकार लड़के वाले शादी के लिए राजी हो गए और पुलिस की मौजूदगी में रूपा और अनंत का विवाह संपन्न कराया गया.