Vande Bharat Break Failure: देश की सबसे आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. झारखंड से उत्तर प्रदेश जा रही एक खाली वंदे भारत ट्रेन करीब 463 किलोमीटर तक ऐसे ही दौड़ती रही, जिसके कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे. हैरानी की बात यह है कि रास्ते में लोको पायलट ने दो बार इस खराबी की जानकारी अधिकारियों को दी, लेकिन ट्रेन को रोकने के बजाय आगे जाने की अनुमति दे दी गई. मामला सामने आने के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं.
24 अक्टूबर को हुई थी घटना
यह घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है. खाली वंदे भारत ट्रेन को झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक पहुंचाया जाना था. इसके लिए ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन से जोड़ा गया था. नियम के मुताबिक, ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन के ब्रेक सिस्टम से जोड़ना जरूरी होता है, ताकि जरूरत पड़ने पर पूरी ट्रेन रुक सके. लेकिन इस प्रक्रिया में बड़ी चूक हो गई. वंदे भारत के कोचों का ब्रेकिंग सिस्टम इंजन से ठीक तरह से नहीं जुड़ा था. इसके बावजूद ट्रेन को रवाना कर दिया गया.
लोको पायलट ने दो बार दी चेतावनी
हटिया से ट्रेन रवाना होने के बाद लोको पायलट ने ब्रेक की जांच की. इस दौरान उसे महसूस हुआ कि ट्रेन के ब्रेक बेहद कमजोर हैं और ठीक से काम नहीं कर रहे हैं. रांची स्टेशन पहुंचने पर उसने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर को लिखित शिकायत भी दी. इसके बावजूद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति मिल गई. इसके बाद मुरी स्टेशन से ट्रेन चलाने वाले दूसरे लोको पायलट ने भी ब्रेक में खराबी की जानकारी कंट्रोल रूम को दी. उसने बताया कि BP प्रेशर कम करने के बावजूद ट्रेन के कोचों में ब्रेक नहीं लग रहे थे. यानी दो बार शिकायत मिलने के बाद भी ट्रेन का सफर जारी रहा.
DDU स्टेशन पर खुली पूरी लापरवाही की पोल
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन की जांच की. यहां पता चला कि सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम इंजन से अलग थे. इसी वजह से कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन ने करीब 463 किलोमीटर का सफर इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम के सहारे पूरा किया. इस दौरान कोचों के अपने ब्रेक इस्तेमाल नहीं हो सके. अगर रास्ते में किसी आपात स्थिति में पूरी ट्रेन को रोकने की जरूरत पड़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
रेलवे ने कई कर्मचारियों की भूमिका पर उठाए सवाल
दक्षिण पूर्व रेलवे के शुरुआती जांच आदेश में कई स्तरों पर लापरवाही की आशंका जताई गई है. इसमें कोच और वैगन विभाग के कर्मचारियों, सेक्शन कंट्रोलरों, ट्रैक्शन कंट्रोलरों और ट्रेन चलाने वाले स्टाफ की भूमिका की जांच की जा रही है. जांच में यह भी सवाल उठाया गया है कि ट्रेन रवाना करने से पहले कोचों के ब्रेक की सही तरीके से जांच क्यों नहीं की गई. साथ ही, ट्रेन चलाने वाले कर्मचारियों को वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम की पूरी जानकारी थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Watch Video: भारत में सुरक्षित नहीं… EX-मुस्लिम साहिल पर हुआ जानलेवा हमला; इस्लाम पर बयान देना पड़ा भारी?
DRM को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
रेलवे ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक माना है. रांची के DRM को पूरे मामले की जांच करने, जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपाय सुझाने को कहा गया है. इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब लोको पायलट ने समय रहते ब्रेक फेल होने की जानकारी दे दी थी, तो ट्रेन को रोककर उसकी जांच क्यों नहीं की गई?
ये भी पढ़ें: पहले की हत्या, फिर लाश के साथ 3 बार किया रेप; अब सीएम योगी के सिंघमों दी ऐसी सजा; जानकर मिलेगा सुकून