पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों, रेजीनगर और नंदीग्राम में होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने रेजीनगर सीट से सखराव सरकार को मैदान में उतारा है, वहीं सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली नंदीग्राम सीट से हासीरानी रथ पर दांव खेला है.
हासीरानी रथ कोई नया नाम नहीं हैं; वे सुवेंदु अधिकारी के दिवंगत पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की मां हैं. 6 मई 2026 को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस दुखद घटना के बाद से ही बीजेपी लगातार उनके परिवार के संपर्क में थी और आखिरकार पार्टी ने उनकी मां पर भरोसा जताते हुए उन्हें नंदीग्राम जैसी अहम सीट से उम्मीदवार बनाया है.
आज नामांकन दाखिल करेंगी हासीरानी रथ
हासीरानी रथ आज अपना नामांकन पत्र जमा करेंगी. इस दौरान सुवेंदु अधिकारी के अलावा राज्य और जिले के कई बड़े नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे. वे हल्दिया उप-विभागीय अधिकारी (SDO) के दफ्तर में अपना पर्चा भरेंगी. नामांकन से पहले उन्होंने पूजा-अर्चना की और इसके बाद हल्दिया के कमदमाता इलाके से करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए अधिकारियों के दफ्तर पहुंचेंगी.
कौन हैं हासीरानी रथ?
62 साल की हासीरानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर के चांदीपुर इलाके के कुलुप गांव की रहने वाली हैं. वे लंबे समय से स्थानीय राजनीति से जुड़ी रही हैं और पंचायत स्तर पर प्रतिनिधि के तौर पर काम कर चुकी हैं. साल 2013 से 2018 के बीच वे चांदीपुर पंचायत समिति में महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति (कर्मध्यक्ष) रह चुकी हैं.
हासीरानी का कहना है कि वे 1998 से ही राजनीति में सक्रिय हैं. शुरुआत में वे तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ी थीं, लेकिन रथ परिवार का अधिकारी परिवार से 20 साल से भी ज्यादा पुराना राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्ता रहा है. जब दिसंबर 2020 में सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा, तो हासीरानी और उनका पूरा परिवार भी उनके साथ बीजेपी में शामिल हो गया. बता दें कि 2024 में उनके पति का निधन हो गया था.
कब होंगे उपचुनाव?
चुनाव आयोग ने रेजीनगर और नंदीग्राम, दोनों सीटों पर उपचुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है:
- मतदान तिथि: 6 अक्टूबर
- मतगणना और नतीजे: 9 अक्टूबर
- नामांकन की आखिरी तारीख: 16 सितंबर
- कागजातों की जांच (स्क्रूटनी): 17 सितंबर
- नाम वापसी की आखिरी तारीख: 19 सितंबर