Bihar Crime News: बिहार के बिहटा में ऑटो चालक इरफान इमाम हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि इरफान की हत्या की साजिश कथित तौर पर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी. दोनों के बीच पिछले करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस को शक है कि हत्या के लिए सुपारी की रकम जुटाने के लिए पत्नी ने लोन भी लिया था. फिलहाल पुलिस इस मामले में पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है.
घर में घुसकर ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या
दरअसल, 10 नवंबर की देर रात बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में ऑटो चालक इरफान इमाम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. शुरुआत में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के बाद पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिश का पता चला.
दो साल से प्रेमी के संपर्क में थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, इरफान की पत्नी नेहा उर्फ फोजिया फिरदौस का गांव के ही करण कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि जब इरफान को पत्नी के इस रिश्ते की जानकारी हुई तो घर में विवाद होने लगा. इसके बाद पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
हत्या के लिए लोन लेकर सुपारी देने का शक
इस हत्याकांड में पैसों के इंतजाम का मामला भी सामने आया है. पुलिस को आशंका है कि पत्नी ने कर्ज लेकर हत्या के लिए सुपारी की रकम जुटाई थी. हालांकि, लोन लेने और सुपारी की रकम से जुड़े सभी पहलुओं की अभी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के लिए कितने रुपये दिए गए थे और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे.
ये भी पढ़ें: Delhi Crime: रात को सुनसान जगह पर ले जाकर करने लगा…, शारीरिक संबंध बनाने से मना करने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पत्नी को हिरासत में लिया. इसके बाद करण कुमार और उसके पिता प्रमोद चौधरी को गिरफ्तार किया गया. वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है. हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है. हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद नहीं हुआ है. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.