Bangladesh News: बांग्लादेश से एक और हिंदू शख्स की हत्या का मामला सामने आया है. मंदिर के रख रखाव का कार्य करने वाले शख्स का शव घर से लापता होने के तीन दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला. इसे लेकर एक अल्पसंख्यक समूह ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने बताया कि चटगांव जिले के स्थानिया उपजिला के दोहाजारी क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर की देखभाल करने के साथ पुजारी का काम भी करते थे.
वहीं पुलिस और कॉक्स बाजार इलाके के निवासियों के मुताबिक 19 अप्रैल की देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति नयन को अपने साथ ले गए और तीन दिन बाद, उनका शव गांव के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ मिला. जानकारी के मुताबिक पुलिस अबतक तय नहीं कर सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का.
कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग
बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने एक बयान जारी कर नयन की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की. बयान में कहा गया, ‘‘एकता परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करती है.’’
बीएचबीसीयूसी का कहना है कि हम यह बिल्कुल नहीं समझ पा रहे हैं कि एक दूरदराज के इलाके में स्थित अपेक्षाकृत छोटे मंदिर के एक साधारण संरक्षक की हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है.
बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव बरामद किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है. पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पत्नी ने दर्ज कराई थी पति के गुमशुदा होने की रिपोर्ट
पुलिस ने बताया कि नयन की पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के गुमशुदा होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रकरण की जांच शुरू की गई. इससे पहले नौ अप्रैल को परिषद ने कहा था कि बांग्लादेश में इस साल एक जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं हुई हैं.