MS Dhoni Angry Moments: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दुनिया भर में “कैप्टन कूल” के नाम से जाना जाता है. लेकिन हाल ही में एक बातचीत में धोनी ने खुलासा किया कि उनके शांत चेहरे के पीछे और भी बहुत कुछ चल रहा होता है. मैदान पर उन्हें एक बात पर इतना गुस्सा आता है कि वह ड्रेसिंग रूम में जाकर खूब भड़क उठते हैं. आखिर किस बात पर अपना आपा खो बैठते हैं धोनी?
किस बात पर नाराज हो जाते थे कैप्टन कूल?
महेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि मैचों के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि खिलाड़ी मैदान पर पूरी तरह से तैयार नहीं होते या उनका ध्यान भटक जाता है. धोनी ने यूट्यूब चैनल कर्ली टेल्स से बातचीत करते हुए बताया कि जब कोई बल्लेबाज गेंदबाज पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय विचलित हो जाता है, तो कभी-कभी उन्हें गुस्सा आ जाता है. उन्होंने कहा कि कई बार बल्लेबाज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय लगभग 15 फीट दूर बैठे दर्शकों की ओर देखने लगता है. महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि वह अक्सर सोचते हैं कि कोई खिलाड़ी दर्शकों की ओर क्यों देखता है, जबकि हो सकता है कि वह वहां बैठे किसी को पहचानता भी न हो. महेंद्र सिंह धोनी के लिए क्रिकेट मैदान पर एकाग्रता ही सब कुछ है. उनका मानना है कि बल्लेबाज को गेंदबाज पर नजर रखनी चाहिए और अगली गेंद के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए. जब खिलाड़ी एकाग्रता खो देते हैं, तो इससे समय बर्बाद होता है और मैच के दौरान टीम की लय भी बिगड़ सकती है.
— Thala Nation (@dhoniarmy07) March 7, 2026
सबके सामने नहीं, अकेले में समझाते हैं
आगे बातचती में महेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि वह इस हालाता को कैसे संभालते हैं. उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ियों को सार्वजनिक रूप से डांटने में विश्वास नहीं करते. महेंद्र सिंह धोनी ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को समझाने का काम करते हैं. उन्होंने बताया कि अगर कोई गलती होती है, तो वे सबके सामने बात करने के बजाय खिलाड़ी से अकेले में बात करना पसंद करते हैं. महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि वे खिलाड़ी को अलग ले जाकर उनसे सीधे बात करते हैं. भले ही उन्हें थोड़ी ऊंची आवाज में बोलना पड़े, लेकिन वे यह सुनिश्चित करते हैं कि उनका संदेश सकारात्मक रहे.