Sakib Hussain IPL Record: बिहार के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए साकिब हुसैन ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो 19 साल के इतिहास में कोई नहीं कर पाया. साकिब हुसैन ने SRH की ओर से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ डेब्यू किया था. उन्होंने पहले ही मैच में 4 विकेट हासिल किए थे. साकिब ने अपनी लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को खूब तंग किया है.
अभी तक साकिब हुसैन ने आईपीएल 2026 में 10 मैच खेल लिए है. इस दौरान साकिब हुसैन ने 15 विकेट हासिल किए हैं. उन्होंने अपने हर मैच में कोई न कोई विकेट चटकाया है. वह आईपीएल इतिहास में ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. अभी तक कोई दूसरा गेंदबाज ऐसा नहीं कर पाया है.
साकिब हुसैन का महारिकॉर्ड
सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने डेब्यू के बाद लगातार 10 मैचों में विकेट लिया है. वह इन 10 मैचों में किसी भी मुकाबले में बिना विकेट लिए वापस नहीं गए हैं. 21 साल के साकिब हुसैन इस सीजन पहली बार आईपीएल में खेल रहे हैं. बता दें कि साकिब हुसैन आईपीएल 2026 में 10 मैचों में 15 विकेट ले चुके हैं. इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.07 की रही है.
विराट कोहली को भी किया आउट
साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद बनाम आरसीबी के मैच में अपने करियर का सबसे बड़ा विकेट लिया. साकिब ने आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) को आउट कर पवेलियन भेजा. मैच के बाद साकिब ने बताया कि कोहली का विकेट लेना उनके लिए सपने जैसा है.
SRH ने 30 लाख में खरीदा
आईपीएल 2026 के लिए पिछले साल हुए ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने साकिब हुसैन को 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. साकिब हुसैन को शुरुआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था. उस समय सनराइजर्स हैदराबाद को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा था. इसके बाद हैदराबाद की टीम मैनेजमेंट ने साकिब हुसैन को मौका देने का फैसला किया. साकिब हुसैन ने अपने पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 विकेट चटकाए. इसके बाद उन्हें लगातार मौके दिए जाने लगे. अब साकिब हुसैन आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी अटैक का अहम हिस्सा बन गए हैं.
केकेआर का हिस्सा रह चुके साकिब
साकिब हुसैन आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं. केकेआर ने साल 2024 में साकिब को 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. इसके बाद आईपीएल 2025 में साकिब हुसैन अनसोल्ड रहे थे.