भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है. बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि सुदर्शन चोट के कारण आगामी सीरीज से बाहर हो सकते हैं. उनकी जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है. हालांकि, अंतिम फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से लिया जाएगा. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है.
साई सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं. उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग अभ्यास में हिस्सा भी लिया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे. सुदर्शन भारतीय टीम के साथ श्रीलंका के लिए रवाना भी नहीं हुए थे. इसी वजह से वह 8 अगस्त से कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच का हिस्सा भी नहीं बन सके.
शुभमन गिल की चोट ने बढ़ाई टीम की चिंता
भारतीय टीम की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब कप्तान शुभमन गिल को अभ्यास सत्र के दौरान दाहिनी हाथ की रिंग फिंगर में चोट लग गई. बीसीसीआई ने बताया कि सावधानी के तौर पर गिल अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे. उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम गिल की चोट पर लगातार नजर बनाए हुए है. हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में उनके खेलने को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है.
कई खिलाड़ी चोटिल, टीम के सामने बड़ी चुनौती
भारत पहले ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सीरीज के लिए खो चुका है. वह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. उनकी जगह चयन समिति ने अकीब नबी को टीम में शामिल किया है. इसके अलावा हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी हैमस्ट्रिंग और क्वाड्रिसेप्स की चोट से बाहर हैं. वॉशिंगटन सुंदर भी हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे, जबकि आकाश दीप पीठ की चोट से उबर रहे हैं. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. भारत फिलहाल नौ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ पांचवें स्थान पर है.