Suryakumar Yadav: टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में सिर्फ 34 रन बना सके. पूरी सीरीज के दौरान सूर्या का बल्ला खामोश रहा. सीरीज जीतने के बाद सूर्या ने अपने फॉर्म को लेकर भावुक कर देना वाला बयान दिया.
Suryakumar Yadav Batting Form: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांचवां टी20 मैच खेला गया. इस मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर टी20 सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली. इस पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों ने अपना योगदान दिया, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म चिंता का विषय रहा. एक कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव सीरीज जीतकर काफी खुश हैं, हालांकि एक बल्लेबाज के तौर पर निराश भी हैं. सूर्यकुमार यादव खुद के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है. सूर्यकुमार यादव एक समय पर दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज थे, लेकिन इस साल उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा. साल 2025 में सूर्या के बल्ले से एक अर्धशतक नहीं आया.
सीरीज जीतने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कप्तान सूर्या ने कहा, ‘हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे, वैसा ही किया. इसका नतीजा हमारे सामने है. हमने कुछ भी अलग करने की कोशिश नहीं की. हम हर डिपार्टमेंट में अपना खुलकर एक्सप्रेस करना चाहते थे और नतीजे सबके सामने हैं.’ सूर्या ने आगे कहा, ‘पिछली कुछ सीरीज में हमें यही कमी महसूस हो रही थी. हम बिल्कुल इसी तरह बल्लेबाजी करना चाहते थे. एक बार कोई बल्लेबाज लय में आ जाए, तो वो रुकता नहीं. हम वो अटूट इरादा चाहते थे और आज वो शानदार तरीके से काम आया.’
सूर्यकुमार यादव ने सीरीज जीतने के बाद अपनी फॉर्म को लेकर भी बड़ा बयान दिया. सूर्या ने कहा, यह एक अच्छी चुनौतीपूर्ण सीरीज थी. हमने वही किया जो हम कर सकते थे. बस एक चीज, जो हम पूरी तरह से कर नहीं पाए, वह थी सूर्या को बल्लेबाज के रूप में खोजना.’ कप्तान ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि वो कहीं गायब है. लेकिन वह जोरदार वापसी करेगा. एक टीम के रूप में, मैं बहुत खुश हूं. जब भी हम मुश्किल में थे, किसी न किसी ने हमेशा आगे बढ़कर हमें उससे बाहर निकाला. कप्तान के तौर पर यह बहुत संतोषजनक है.’
सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. सूर्या ने कहा, ‘हमने गेंदबाजी में कुछ अलग प्लान बनाया था. पावरप्ले में बुमराह से एक ओवर करवाना, ड्रिंक्स ब्रेक के बाद मिडिल ओवर्स को कंट्रोल करना और फिर आखिरी ओवर्स के लिए उन्हें तैयार रखने की रणनीति थी.’ सूर्यकुमार यादव ने वॉशिंग्टन सुंदर की तारीफ करते हुए कहा कि सुंदर ने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी जिम्मेदारी निभाई. उन्होंने आगे कहा, ‘हम कई बार दबाव में थे, चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खेल में यही मायने रखता है कि आप कैसे प्रतिक्रिया देते हैं. टीम के खिलाड़ियों ने वाकई बहुत अच्छा प्रदर्शन किया.’
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसमें भारत ने 3-1 से जीत दर्ज की. आखिरी टी20 मुकाबले में तिलक वर्मा (73) और हार्दिक पंड्या (63) की शानदार पारियों के दम पर भारत ने 5 विकेट खोकर 231 रन बनाए. इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 8 विकेट गंवाकर 201 रन पर सिमट गई. साउथ अफ्रीका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 65 रन बनाए. इसके अलावा प्रोटियाज की टीम से ज्यादा खिलाड़ियों ने डि कॉक का साथ नहीं दिया. इसके चलते साउथ अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा.
Ramgarh murder case: झारखंड के रामगढ़ में 38 वर्षीय रोहित कुमार की हत्या के मामले…
Tamilnadu Murder Case: तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में एक लड़की ने ल़ड़के से बात करने…
Karva Chauth puja thali: करवाचौथ पर पूजा की थाली सजाने के लिए महंगी सजावटी थाली…
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बचपन के दोस्त ने अपने दूसरे दोस्त…
Accused of marrying by hiding identity: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र…
Jordan church attack: जॉर्डन के कराक शहर के हमौद चर्च में शुक्रवार को एक व्यक्ति…