WPL 2027 Auction Date: उत्तर प्रदेश और खासकर वाराणसी के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भगवान शिव की थीम पर तैयार वाराणसी का नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जल्द ही बड़े मुकाबलों की मेजबानी कर सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां पहले रणजी ट्रॉफी और इसके बाद महिला प्रीमियर लीग यानी WPL के मैच कराए जा सकते हैं. अगर सब कुछ सही रहा तो आगे IPL मैचों का रास्ता भी खुल सकता है. महिला प्रीमियर लीग-2027 की नीलामी 29 अक्टूबर को कोच्चि में होने की संभावना है.
WPL मैचों के लिए वाराणसी का नाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, WPL संचालन परिषद की बैठक में अगले सीजन के लिए वाराणसी को संभावित आयोजन स्थल के तौर पर चिन्हित किया गया है. इसके अलावा मुंबई और वडोदरा के नाम भी सामने आए हैं. वाराणसी के गंजारी में बना यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अब लगभग तैयार है और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है. ऐसे में यहां जल्द ही बड़े स्तर पर क्रिकेट मुकाबले देखने को मिल सकते हैं.
पहले रणजी ट्रॉफी का मुकाबला
नए स्टेडियम में सबसे पहले रणजी ट्रॉफी का मुकाबला आयोजित किए जाने की संभावना है. यह मैच अक्टूबर-नवंबर के दौरान हो सकता है. इससे पिच, मैदान और बाकी सुविधाओं की तैयारी को परखा जा सकेगा. रणजी मैच के सफल आयोजन के बाद WPL की मेजबानी मिलने की उम्मीद बढ़ सकती है. WPL में भारतीय खिलाड़ियों के साथ कई विदेशी स्टार क्रिकेटर भी हिस्सा लेते हैं, इसलिए इसका आयोजन स्टेडियम के लिए अहम माना जा रहा है.
WPL के बाद IPL की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, अगर वाराणसी में WPL मैच सफलतापूर्वक आयोजित होते हैं, तो भविष्य में यहां IPL मुकाबले भी कराए जा सकते हैं. यानी वाराणसी के क्रिकेट फैंस को आने वाले समय में दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को अपने शहर में खेलते देखने का मौका मिल सकता है.
मुंबई और वडोदरा में भी मुकाबले
WPL के लिए मुंबई और वडोदरा को भी संभावित आयोजन स्थलों में शामिल किया गया है. हालांकि, इन दोनों जगहों पर 2027 ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले भी होने हैं. ऐसे में वाराणसी को WPL के अधिक मैच मिल सकते हैं. हालांकि, अंतिम फैसला संबंधित बोर्ड और संचालन परिषद की ओर से किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: IPL 2027 Auction Date Country: खत्म हुआ इंतजार! भारत में होगी खिलाड़ियों की नीलामी, तारीख को लेकर आया अपडेट