Bihar News: बिहार में पश्चिम चंपारण के बेतिया से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक युवक गुस्से में आकर बिजली के टावर पर चढ़ गया. यह घटना वृद्ध आश्रम के पास की बताई जा रही है. युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए. घंटों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान युवक लगातार अपनी जिद पर अड़ा रहा. वह बार-बार यही कह रहा था कि उसका मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक उसके एक दोस्त ने ले लिया है और कई दिनों से वापस नहीं कर रहा है.
मां को मौके पर बुलाया गया
काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब युवक नहीं माना, तब उसकी मां को मौके पर बुलाया गया. मां ने पहल करते हुए युवक के दोस्त से उसका सामान वापस लिया और मौके पर पहुंचीं. इसके बाद युवक ने शर्त रखी कि पहले पुलिसकर्मी मौके से हटें, तभी वह नीचे उतरेगा.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के कुछ दूरी पर हटते ही युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली. युवक की पहचान गोड़वा टोला निवासी किसनौती देवी के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बता दें कि इन दोनों टावर पर चढ़ने के कई मामले सामने आ चुके हैं. कोई अपने प्रेमी तो कोई प्रेमिका तो घर में माता-पिता से नाराज होकर टावर पर चढ़ रहा है. इसकी वजह से परिवार के लोग टेंशन में तो आ ही जाते हैं, पुलिस की भी मुश्क्लें बढ़ जाती हैं.
(मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट)