Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को गम में डुबो दियाय जिस पोखर को छठ पर्व के लिए तैयार किया जा रहा था, वही तीन मासूम बच्चियों की मौत की वजह बन गया. मंगलवार को पोखर में नहाने गईं तीन बच्चियां गहरे पानी में समा गईं. ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने तीनों बच्चियों को चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया.
गोवर्धन पूजा के बीच हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना पटना के हिंदुनी गांव की है. मंगलवार को गोवर्धन पूजा के लिए गोधन कूटने की रस्म से पहले तीनों बच्चियां पोखर में नहाने पहुंची थीं. उन्हें अंदाजा नहीं था कि जिस पानी में वे नहाने जा रही हैं, वह इतना गहरा होगा. देखते ही देखते तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. कुछ ही देर में गांव में चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों ने पोखर से निकाला
तीनों के डूबने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास जुट गए. लोगों ने बिना देर किए बच्चियों को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
तीन घरों के बुझ गए चिराग
हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान 18 वर्षीय डोली कुमारी, 17 वर्षीय मौली कुमारी और 7 वर्षीय सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है. एक ही परिवार से जुड़ी दो बच्चियों समेत तीन की मौत ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जदयू नेता महेश पासवान समेत कई सामाजिक और राजनीतिक लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी.