BCCI U19 Cricketer Nandini Death: तेलंगाना के विकाराबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने खेल जगत और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है. क्रिकेट के मैदान पर अपने हुनर से पहचान बनाने का सपना देख रही 17 वर्षीय नंदिनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि नंदिनी का चयन BCCI अंडर-19 टीम के लिए संभावित खिलाड़ी के रूप में हुआ था.
नंदिनी तेलंगाना के यलाल मंडल स्थित संगय्यापल्ली गांव की रहने वाली थी. वह अपनी पढ़ाई और क्रिकेट की कोचिंग के लिए विकाराबाद की मधु कॉलोनी में अपनी दादी के साथ रह रही थी. इसी दौरान उसने अपनी दादी के घर पर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो युवकों पर परेशान करने का आरोप
नंदिनी की मौत के बाद परिवार ने अनिल और कृष्णा नाम के दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि अनिल प्यार के बहाने नंदिनी का पीछा करता था और उसे परेशान कर रहा था. वहीं, कृष्णा पर अनिल का साथ देने का आरोप है. रिश्तेदारों को आशंका है कि लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न की वजह से नंदिनी ने यह कदम उठाया होगा.
मोबाइल और सोशल मीडिया से खुलेगा राज?
विकाराबाद के सर्कल इंस्पेक्टर (CI) रघु के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. नंदिनी के पिता की शिकायत पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. अब इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप की बातचीत की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे ऑनलाइन या किसी अन्य माध्यम से परेशान तो नहीं किया जा रहा था.
सड़क पर उतरा परिवार
नंदिनी की मौत से नाराज परिजनों और रिश्तेदारों ने विकाराबाद में सड़क पर प्रदर्शन किया. उन्होंने दोनों युवकों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों की कथित संलिप्तता की जांच की जा रही है और उन्हें हिरासत में लिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद नंदिनी का शव परिवार को सौंप दिया गया है.
ये भी पढ़ें: झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की बढ़ी मुश्किलें, 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, POCSO में FIR