औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर दाउदनगर-गोह-गयाजी मुख्य पथ स्थित बुधन बिगहा गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा गांव निवासी जय सिंह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि राहुल कुमार अपने फुफेरे भाई की रिंग सेरेमनी में शामिल होने बाइक से जा रहा था. इसी दौरान बुधन बिगहा के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-120 पर सड़क जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कड़ी धूप में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के दोनों किनारों पर लंबे समय से बालू जमा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बना हुआ है. इसके बावजूद संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है.
सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, एसआई विक्की कुमार, एसआई प्रेम कुमार, एएसआई राजेश कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे.
बाद में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. विधायक ने सड़क पर बालू जमा रहने और सुरक्षा इंतजामों की कमी को हादसे का प्रमुख कारण बताया. उन्होंने एनएच-120 के कार्यपालक अभियंता पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
विधायक ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग करेंगे तथा मृतक के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. राहुल कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.