Muzaffarpur Viral Video: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित बृजबिहारी गली के एशियन स्कूल में एक शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया है. महिला शिक्षिका ने स्कूल प्रबंधन पर मारपीट, धक्का-मुक्की और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगातेहुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. इस घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. पीड़ित शिक्षिका का नाम अंकिता कुमारी बताया जा रहा है.
छुट्टी से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित शिक्षिका का कहना है कि उसने बी.एड (B.Ed) इंटर्नशिप के लिए छुट्टी मांगी थी, जिसके बाद ये विवाद शुरू हुआ. अंकिता का कहना है कि वो लंबे समय से इस स्कूल में पढ़ा रही थीं. जब उन्होंने अपनी पढ़ाई के बाद इंटर्नशिप करने के लिए छुट्टी मांगी, तो स्कूल प्रबंधन का रवैया बदल गया. अंकिता ने बताया कि सबकी सैलरी दे दी गई, लेकिन अंकिता की सैलरी रोक दी गई.
सैलरी मांगने पर किया प्रताड़ित
शिक्षिका ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि जब वह अपनी सैलरी के बारे में जानकारी लेने के लिए स्कूल गईं, तो प्रबंधन ने उनसे सीधे मुंह बात भी नहीं की. इसके बाद उन्होंने दबाव बनाया कि उन्हें इस्तीफा देना होगा और वे एक महीना काम करें, जिसके बाद ही उनकी सैलरी दी जाएगी. शिक्षिका ने स्कूल प्रशासन की इस शर्त पर आपत्ति जताई और अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका व्यक्त की. इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई.
मारपीट और छेड़छाड़
अंकिता ने बताया कि घटना वाले दिन वो 15 हजार रुपये वेतन लेने दोबारा एशियन स्कूल पहुंची थीं. वहां मौजूद एक पुरुष शिक्षक और महिला मेड ने उनके साथ अभद्रता की. इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इसमें देखा जा सकता है कि स्कूल के गेट के पास बहुत भीड़ है और कुछ लोग एक महिला के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. वहीं अंकिता ने मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है.
प्रबंधन ने दी सफाई
वहीं एशियन स्कूल प्रबंधन ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि शिक्षिका द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं. वो घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही हैं. प्रशासन का कहना है कि स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने ये कदम उठाए. उन्होंने मारपीट और छेड़छाड़ जैसी बातों को सिरे से खारिज कर दिया.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की
शिक्षिका अंकिता ने इस मामले में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज की, जिस पर जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है. बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.