Haryana Police Encounter: हरियाणा के नूंह में गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बार फिर मुठभेड़ हो गई. फिरोजपुर झिरका इलाके में रविवार को पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच जमकर गोलीबारी हुई. इस दौरान दो संदिग्ध गो-तस्करों की मौत हो गई, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल है. मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल को भी गोली लगी है. पुलिस ने मौके से गोवंश से भरी पिकअप गाड़ी और हथियार बरामद किए हैं.
पुलिस ने नाकाबंदी की तो शुरू हो गई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर झिरका की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) टीम को इलाके में गो-तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के गांव बीमा के पास नाकाबंदी कर दी. इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि पिकअप में सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. देखते ही देखते दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं.
गोली लगने से दो आरोपियों की मौत
इस मुठभेड़ में तीन संदिग्ध आरोपियों को गोली लगी. पुलिस तीनों को इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची. यहां इलाज के दौरान दो आरोपियों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान दौसा निवासी गब्बर उर्फ हड़िया और हरियाणा के बीमा गांव के फौनंदा निवासी साबिर के रूप में हुई है. वहीं, तीसरा आरोपी ताहिर राजस्थान के डीग जिले के घाटमी गांव का रहने वाला है. वह गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. इस गोलीबारी में पुलिस कांस्टेबल हितेश के हाथ में भी गोली लगी. उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पिकअप में ठूंसकर भरे थे 7 गोवंश
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन बरामद किया. जांच के दौरान उसमें सात गोवंश ठूंसकर भरे हुए मिले. पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित मुक्त करा दिया. इसके अलावा घटनास्थल से .315 बोर के तीन देसी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब बरामद हथियारों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है.
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. नूंह पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है. मामले की मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू कर दी गई है. जांच में मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं और घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी.
ये भी पढ़ें: पहले की हत्या, फिर लाश के साथ 3 बार किया रेप; अब सीएम योगी के सिंघमों दी ऐसी सजा; जानकर मिलेगा सुकून
एक महीने में दूसरी बड़ी मुठभेड़
गौरतलब है कि नूंह में पिछले एक महीने के भीतर पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: भारत में सुरक्षित नहीं… EX-मुस्लिम साहिल पर हुआ जानलेवा हमला; इस्लाम पर बयान देना पड़ा भारी?