देश के अलग-अलग इलाकों से चलते वाहनों में आग लगाने के काफी मामले सामने आते हैं. इनमें से ज्यादातर मामलों में चालक की सूझबूझ से जान-माल की हानि को रोका जा चुका है. ऐसा ही एक मामला एमपी के कटनी में देखा गया, जहां शहर के सबसे बिजी रूट मिशन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह अफरा-तफरी मच गई. यहां चलती हुई एक एक्टिवा ने अचानक आग पकड़ ली. देखते ही देखते स्कूटी आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई. चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है. एक्टिवा सवार चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रहा था. जैसे ही वह मिशन चौक ओवरब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंचा, तभी स्कूटी में अचानक स्पार्किंग होने लगी और धुआं निकलने लगा.
सूझबूझ से बची जान
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत स्कूटी को रोका और उससे उतर गया. कुछ ही क्षणों में एक्टिवा ने आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगी.
घटना के दौरान ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल Media पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
तकनीकी खराबी से हुआ नुकसान
हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. चालक की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. यह घटना वाहन रखरखाव और नियमित तकनीकी जांच की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है.
सावधानी बरतने में समझदारी
स्कूटी में आग लगाने के ज्यादा मामलों में पुरानी वायरिंग या लूज कनेक्शन के कारण स्पार्किंग देखी जाती है. कई बार फ्यूल पाइपलाइन में दरार आने पर भी फ्यूल गर्म इंजन के संपर्क में आ जाता है और आग लगने की संभावना बढ़ जाती है.
ऐसे हादसों से बचने के लिए वाहनों की नियमित सर्विसिंग कराते रहना चाहिए. अक्सर गर्मी के दिनों में तापमान जल्दी बढ़ता है, इसलिए अपने साथ सुरक्षात्मक उपकरण रखने चाहिए.
Disclaimer: The article is a part of a syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for the accuracy of the facts.