3
हाल ही भाजपा नेता अपर्णा यादव ने एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. अपर्णा यादव ने अपनी बेटी की तारीफ करते हुए कहा कि नागपंचमी पर आज बेटा प्रथमा ने करुणापूर्वक सर्पों को जंगल में आजाद किया.
वीडियो में देखा जा सकता है कि अपर्णा यादव की बेटी सांपों को गले में डाले हुए है. वीडियो में वो बिल्कुल निडर नजर आ रही हैं. बता दें कि अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव भी पशु प्रेमी थे.
अपर्णा यादव ने शेयर किया वीडियो
अपर्णा यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी का वीडियो पर शेयर किया. उन्होंने लिखा, ‘ऐसा कहते हैं अपने पिताजी की लाडली होती है बेटी, मैं कहती हूं बेटी से ज़्यादा पिता को कोई प्यार नहीं कर सकता. आज नागपंचमी पे प्रथमा बेटा ने सर्पों को सपेरा से बहुत उदारता से और करुणापूर्वक जंगल में आजाद किया उन्हें सुदूर लखनऊ के आगे वन क्षेत्र में छोड़ा गया. यह विषधर सांप ने भी एक बालिका को नुकसान नहीं पहुंचाया इससे सच्चा प्रेम अपने पिता के उसूलों के प्रति देख कर मेरी आंखों में अश्रु आ गए. प्रतीक जी के पशु प्रेम को वह सदा जग में जीवंत रखे. अहिंसा परमो धर्मः जग में अत्यंत आवश्यक है. मुझे तुम पे बहुत गर्व है बेटा. सदा पशुपति नाथ सबकी रक्षा करें कल्याण करे हर हर महादेव.’
बिल्कुल निडर होकर सांपों पर लुटाया प्यार
शेयर किए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अपर्णा यादव की बड़ी बेटी कैसे सांपों को प्यार कर रही है. सांप अपर्णा यादव की बेटी प्रथमा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं. इससे पहले भी अपर्णा यादव ने फ्रेंडशिप डे पर प्रतीक यादव का वीडियो शेयर किया था. उन्होंने लिखा था, ‘हैप्पी फ्रेंडशिप डे, माई बेस्टी फॉरएवर.’ बता दें कि अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन 13 मई को हुआ था. अचानक उनकी तबीयत खराब हुई थी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.