वृंदावन: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया. मंदिर में सेवायत गोपी गोस्वामी के सानिध्य में संपन्न हुए इस पूजन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
बता दें कि दर्शन के दौरान गोविंदा ने गहरी आस्था प्रकट करते हुए कुछ समय ध्यान लगाया और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया. मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने विनम्रतापूर्वक स्वीकार किया.
बड़ी संख्या में एकत्र हुए प्रशंसक
अभिनेता के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक वहां एकत्र हो गए. हर कोई अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने को उत्सुक नजर आया. मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए उत्साहपूर्ण माहौल बन गया. गोविंदा ने भी प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए उन्हें निराश नहीं किया. उनका यह दौरा जहां उनकी धार्मिक आस्था को दर्शाता है, वहीं प्रशंसकों के लिए भी यादगार क्षण बन गया.