UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा में बीजेपी के जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर पार्टी की ही एक पूर्व नेता ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘फेसबुक’ पर लाइव आकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनलाल कुशवाहा ने टिकट दिलाने के नाम पर उनसे हमबिस्तर होने की डिमांड की.
दीपाली तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा- “मैंने मोहनलाल कुशवाहा से कहा कि अपने पद को लेकर आपसे कुछ बातें करनी हैं, तो उन्होंने कहा कि आइये बैठकर बात करते हैं. मैं पार्टी के लिए काम कर रही थी, तो मुझे भी आगे बढ़ने की लालसा थी, इसलिए मैं अपनी बात रखने गई. इसके बाद उन्होंने मुझसे कहा कि मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना दूंगा तो आप मुझे क्या देंगी.”
‘आपके पास देने के लिए बहुत कुछ है’
उन्होंने आगे आरोप लगाया- “मोहनलाल कुशवाहा के ऐसा कहने पर मैंने कहा कि मेरे पास देने के लिए कुछ नही है, क्योंकि मेरा घर-मकान बिक चुका है, यह आपको पता है और पति का भी काम बंद सा चल रहा है, मैं आर्थिक रूप से इतनी कमजोर हूं कि मैं आपको कुछ दे नहीं सकती, तो उन्होंने कहा कि आपके पास देने के लिए बहुत कुछ है.”
“मेरे ऊपर निराधार आरोप लगाए जा रहे है. इन आरोपों की मै घोर निंदा करता हूं. SP साहब इस मामले में निष्पक्ष जांच करें.”
– मोहनलाल कुशवाह, जिलाध्यक्ष बीजेपी, महोबा
(बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ गंभीर प्रवृत्ति के आरोप लगाए थे) https://t.co/OePNCZ186a pic.twitter.com/Xn1fHzuSFN
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 27, 2026
मोहनलाल कुशवाहा पर आरोप लगाते हुए दीपाली तिवारी ने आगे बताया- ‘मैंने उनसे कहा कि मैं समझी नहीं, आप क्या कहना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा कि आप समझदार हैं, मुझे बताने की जरूरत नहीं है, आप इशारों में समझिए.” इसके बाद उन्होंने कहा- “मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना देता हूं तो आप मेरे साथ लखनऊ और दिल्ली चलेंगी, किसी को शक भी नहीं होगा.”
‘मेरे साथ एक बार हमबिस्तर हो जाइए’
दीपाली तिवारी ने आगे कहा- “उन्होंने मुझसे कहा कि आप मेरे साथ एक बार हमबिस्तर हो जाइए. इसके बाद मैं गुस्सा होकर वहां से आने लगी तो उन्होंने कहा कि दिपाली जी आप अगर मेरी बात मान लेंगी तो जिला पंचायत का आपको टिकट भी दे दूंगा.” दीपाली तिवारी ने कहा कि मैं लालची महिला नहीं हूं, इसलिए वहां से गुस्सा होकर आ गई.
वहीं जब यह मामला सुर्खियों में आया तो उनका एक और बयान सामने आया है. उन्होंने कहा- “मैं यह बातें नहीं बता रही थीं, मुझे डर था कि उत्तेजना में मेरे पति कहीं कोई गलत कदम न उठा ले. लेकिन दो-तीन दिन पहले मोहनलाल कुशहवाहा ने मुझे धमकी दिलवाई कि तुम चुप हो जाओ, नहीं तो पति पर 76 लगाकर र जेल में डलवा दूंगा.
मोहनलाल कुशवाहा ने आरोपों पर क्या कहा?
दूसरी तरफ जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और मनगढ़त बताया है. उन्होंने कहा- “इसकी मैं घोर निंदा करता हूं. मेरी साफ-सुथरी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है.”