Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक होटल के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती चिल्लाते हुए होटल से बाहर भागने लगी. तभी पीछे से आए एक युवक ने उसे पकड़ लिया और वापस होटल के अंदर खींचने लगा. युवती की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख युवक होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
होटल से भागकर मदद मांगने लगी युवती
यह घटना मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित एक होटल की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक युवती अचानक होटल से बाहर भागी और जोर-जोर से बचाने की आवाज लगाने लगी. इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उसे पकड़ लिया और वापस होटल के अंदर खींचने लगा. युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर वहां जमा हो गए. कुछ लोगों ने युवती को बचाने के लिए होटल के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया. इसी बीच भीड़ बढ़ती देख युवक होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया. युवक का नाम सलमान बताया जा रहा है.
मेरठ में सलमान नामक युवक ने बीच सड़क पर एक युवती को दौड़ाकर पकड़ा, जमीन पर गिराया और जबरन होटल ले जाने लगा। यह देख एक युवती ने साहस दिखाते हुए पीड़िता को सुरक्षित बाहर निकाला और मदद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, FIR में होटल संचालक और मैनेजर का नाम नहीं है। आरोप है कि होटल स्टाफ की मदद से ही आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। होटल में ID जांच की गई थी या नहीं, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
— Neeraj Bhawani (@Neeraj_Bhawanii) November 25, 2026
युवती ने लगाया सोमवार से बंधक बनाने का आरोप
घटना के बाद लोगों ने युवती से पूरी बात पूछी. युवती ने आरोप लगाया कि उसे सोमवार से होटल में बंधक बनाकर रखा गया था. मंगलवार को मौका मिलने पर वह होटल से बाहर निकली और लोगों से मदद मांगने लगी. युवती ने युवक की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में बताई. उसका आरोप है कि युवक ने उसे जबरन अपने कब्जे में रखा था. युवती गाजियाबाद की रहने वाली बताई जा रही है. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस ने युवती को सुरक्षित निकाला
घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और युवती से पूछताछ की. पुलिस युवती को सुरक्षित थाने ले गई.
होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच
सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता के मुताबिक, 24 नवंबर को आबूलेन स्थित होटल में युवक और युवती के बीच झगड़े की सूचना मिली थी. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले आई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही होटल में युवती को किन परिस्थितियों में रखा गया था और होटल कर्मचारियों की क्या भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.