Raebareli Road Accident: ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार की रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकाबू निजी बस ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भयावह थी कि बस के नीचे फंसी बाइक से चिंगारियां निकलती रहीं, लेकिन हैवान बने बस चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी. करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घिसटते रहने के कारण बाइक सवार दंपत्ति के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
ससुराल से लौटते वक्त ‘काल’ बनी बस
सबीसपुर निवासी दशरथ (36) अपनी पत्नी माधुरी और 10 वर्षीय मासूम बेटे प्रिंस के साथ कल्याणी गांव स्थित ससुराल से वापस लौट रहे थे. रात के करीब 10:30 बजे थे, सड़क पर सन्नाटा पसरने लगा था. अरखा कोल्ड स्टोर के पास जैसे ही उनकी बाइक पहुंची, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर: 1 किलोमीटर तक सड़क पर मौत का घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों ने जो बताया, उसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. टक्कर के बाद बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई थी. आरोपी चालक ने बस रोकने के बजाय भागने की कोशिश में एक्सीलेटर दबा दिया. बाइक सवार दंपत्ति को बस करीब एक किलोमीटर दूर ‘मनऊ का इंदारा’ तक घसीटती ले गई. हाईवे पर रगड़ खाने से बाइक से आग की लपटें और चिंगारियां निकल रही थीं, लेकिन चालक नहीं रुका.
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा मासूम
इस भीषण हादसे ने 10 साल के मासूम प्रिंस के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया. गंभीर रूप से घायल प्रिंस को आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है. फिलहाल बच्चा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली में हड़कंप मच गया. कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अज्ञात बस और उसके चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है. हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.