मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के बह्मपुर जट गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने पति एवं उसके दोस्त पर बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या करने आरोप लगाया है.
महिला ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका पति बेटी के द्वारा फोटो इंटरनेट मीडिया पर अपलाेड किए जाने से आग बबूला था; इसलिए उसने हत्या की है. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी है. बता दें कि मंगलौर कोतवाली के ब्रह्मपुर जट गांव निवासी रीटा ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि उसकी सबसे छोटी बेटी तन्नू (13) अपने मामा के यहां गांव कल्लरपुर कछौल्ली जिला मुजफ्फरनर गयी थी.
बाप को बेटी पर था शक
मां का कहना है कि उसकी बेटी करीब डेढ़ माह मामा के यहां रहने के बाद घर आ गई थी. बेटी के घर आने के बाद उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता बेटी पर शक करने लगा कि वह किसी लड़के से बात करती है. 16 अगस्त को बेटी ने पिता के इंटरनेट एकाउंट पर अपना फोटो अपलाेड कर दिया. उसी दिन शाम को पति और उसका दोस्त आशीष रात में घर आये, दोनों जमकर शराब पी. इसके बाद घर आ गये. रात में नशा कम होने पर पति ने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर बेटी की फोटो देखी तो आग बबूला हो गए. अगले दिन सुबह चार बजे पति धनेश्वर उर्फ तोता और उसका दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला निवासी ब्रहमपुर जबरदस्ती तन्नू को घर से ले जाने लगे. आवाज सुनकर वह और उसकी बेटी बेटी राधिका उठ गई. उन्होंने रोकने की कोशिश की तो वह मारपीट किर बेटी को जबरदस्ती बाइक से ले गए.
बेटी की कर दी हत्या
महिला ने बताया कि घर से ले जाते समय पति ने कहा था कि बेटी ने बदनाम कर दिया हैं. इसको जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा. लगभग एक घंटे बाद दोनों वापस आ गए. जब उन्होंने बेटी के बारे में पूछा तो पति ने कहा कि बेटी बदनाम करती थी, इसलिए उसे मार दिया है. साथ ही तमंचा दिखाते हुये धमकी दी कि यदि इस बारे में किसी को कुछ बताया तो जान से मार दिया जाएगा. पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति आपराधिक किस्म का व्यक्ति है उस पर पहले भी कई मुकदमें दर्ज है. जिस कारण वह डरी हुयी है. बेटी का कुछ पता नहीं है. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.