India News (इंडिया न्यूज), Chhattisgarh Weather News Today: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में बारिश, तेज़ हवाएं और गरज-चमक देखी गई। बीते 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई। हालांकि, अब मौसम में सुधार के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ 3.1 किमी से 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है और इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। इसके अलावा, एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य छत्तीसगढ़ में सक्रिय है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। साथ ही, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
haryana weather
बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा रायगढ़ जिले के कापू में 51.5 मिमी हुई। इसके अलावा, जशपुरनगर, सूरजपुर, अंतागढ़, कुनकुरी, मैनपाट, बैकुंठपुर, धरमजयगढ़ और रायपुर सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 मार्च से गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान 5-6 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि बाकी हिस्सों में 2-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 37.5°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.2°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहेगा।
23 मार्च से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, तापमान में वृद्धि होगी, जिससे दिन में गर्मी का असर बढ़ सकता है। नागरिकों को मौसम के बदलाव के प्रति सतर्क रहने और गरज-चमक या तेज़ हवा के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।