India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather: जनवरी और फरवरी आमतौर पर ठंड के महीने माने जाते हैं, लेकिन इस साल फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी जैसा एहसास होने लगा है। लोगों को लग रहा था कि ठंड अब खत्म हो गई और समय से पहले गर्मी की शुरुआत हो गई है। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी सर्दी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। फरवरी के अंत तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और ठंड फिर से लौट सकती है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार, इस समय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने की स्थिति बन रही है, जिससे अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव आएगा। अगर आज या कल में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होती है, तो वहां से चलने वाली ठंडी हवाएं बिहार तक पहुंचेंगी। इससे राज्य में तापमान में गिरावट आ सकती है।
Bihar Weather
वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि 6 फरवरी के बाद बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान ठंडी हवाएं तेज हो सकती हैं और दिन व रात के तापमान में गिरावट होगी। इसके अलावा, 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे ठंड और गर्मी के बीच उतार-चढ़ाव बना रहेगा। वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि फरवरी के अंत तक तापमान में अचानक गिरावट हो सकती है, जिससे फिर से ठंड का अहसास होगा। इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अभी गर्म कपड़े पूरी तरह न हटाएं, क्योंकि ठंडी हवाएं कभी भी लौट सकती हैं।