8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का इंतजार और उम्मीदें दोनों बढ़ती जा रही है. हाल ही में चेन्नई में हुई अहम बैठकों ने देश के लाखों सरकारी कर्मचारियों की उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं. पुरानी पेंशन योजना (OPS) की वापसी से लेकर न्यूनतम वेतन में बंपर बढ़ोतरी और पेंशन से जुड़े कई कानूनी पेचों पर खुलकर बात हुई है. चेन्नई जीपीओ पेंशनर्स फोरम समेत कई प्रतिनिधिमंडलों ने आयोग के सामने अपनी मांगों की एक मजबूत सूची रखी है.
इन मांगों के पीछे का पूरा गणित क्या है, कौन-कौन से बड़े बदलावों का प्रस्ताव रखा गया है और कानून के जानकारों का इस पर क्या मानना है, आइए समझते हैं इस पूरी रिपोर्ट में.
पेंशनर्स की 5 मुख्य मांगें
- पुरानी पेंशन योजना (OPS) की वापसी: यह कोई नई मांग नहीं है. देशभर के पेंशनर्स लंबे समय से इसे लागू करने की मांग कर रहे हैं. चेन्नई बैठक में फोरम ने इसे अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बनाया.
- पेंशन और फैमिली पेंशन में बढ़ोतरी: रिटायर्ड कर्मचारी और उनके परिवार बेहतर आर्थिक सुरक्षा चाहते हैं. इसलिए फोरम ने आयोग से पेंशन और फैमिली पेंशन दोनों को बढ़ाने की अपील की है.
- कम्यूटेशन रिकवरी (Commutation Recovery) के नियमों में सुधार: कई कर्मचारी रिटायरमेंट के समय अपनी पेंशन का एक हिस्सा एकमुश्त (lump sum) ले लेते हैं. इसकी वसूली के नियम काफी उलझे हुए हैं. फोरम चाहता है कि इन नियमों को साफ और आसान बनाया जाए ताकि पेंशनर्स को राहत मिले.
- MACP फायदों में बदलाव: फोरम का कहना है कि ‘मॉडीफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन’ (MACP) स्कीम में बदलाव की सख्त जरूरत है. खास तौर पर डाक विभाग (Postal Department) के कर्मचारी बेहतर करियर ग्रोथ और पे-स्केल की मांग कर रहे हैं.
- बेहतर भत्ते, छुट्टी और सामाजिक सुरक्षा: फोरम ने भत्तों और छुट्टियों के नियमों में सुधार के साथ-साथ सेवरत कर्मचारियों और पेंशनर्स दोनों के लिए मजबूत सामाजिक सुरक्षा (Social Security) की मांग रखी है.
बैठक में उठने वाले अन्य अहम मुद्दे
बैठक में सिर्फ पेंशन ही अकेला मुद्दा नहीं था. प्रतिनिधियों ने एक स्थायी वेतन-संशोधन तंत्र (Permanent Wage-Revision Mechanism) की मांग की, ताकि कर्मचारियों को अपनी सैलरी बढ़वाने के लिए हर 10 साल में नए वेतन आयोग का इंतजार न करना पड़े.
- न्यूनतम वेतन: कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन ₹68,000 करने की मांग रखी है.
- रनिंग स्केल: मौजूदा पे-मैट्रिक्स के साथ ‘रनिंग स्केल’ लागू करने का सुझाव दिया गया है.
- करियर और विशेष जरूरतें: कर्मचारियों की पदोन्नति (Career Progression) के अलावा महिला कर्मचारियों और दिव्यांग जनों की जरूरतों पर भी चर्चा हुई.
8वां वेतन आयोग लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के वेतन व पेंशन का भविष्य तय करेगा. हालांकि, ये अभी केवल मांगें हैं, कोई अंतिम फैसला नहीं. आयोग इन पर विचार करेगा और फिर सरकार को अपनी सिफारिशें सौंपेगा.
न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में इस आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. 10 महीने बीत जाने के बाद, अब मई-जून 2027 के आसपास इसकी रिपोर्ट सरकार के सामने रखे जाने की संभावना है. आयोग की अगली बैठकें 16, 17 और 18 सितंबर को चंडीगढ़ में आयोजित होंगी.
इन मांगों के असली मायने क्या हैं?
चेन्नई में उठी दो प्रमुख मांगों से सीधे कानूनी सवाल जुड़े हैं—पहला, 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना, और दूसरा, सैन्य बलों की तरह नागरिक कर्मचारियों (Civilian Staff) के लिए भी ‘वन रैंक, वन पेंशन’ (OROP) लागू करना. इस पर कानूनी विशेषज्ञ और ‘CMS INDUSLAW’ की पार्टनर अमृता टोंक का रुख बेहद स्पष्ट है:
पुराने पेंशनर्स के अधिकारों की सुरक्षा पर: ‘पेंशन और ग्रैच्युटी कर्मचारियों द्वारा वर्षों तक दी गई सेवाओं का अर्जित अधिकार (Earned Right) हैं. इसलिए, 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों के फायदों में कटौती करने वाली कोई भी सिफारिश कानूनी रूप से गलत ठहराई जा सकती है. कानूनी तौर पर सही रास्ता यही होगा कि पुराने कर्मचारियों के हक सुरक्षित रखे जाएं और नए नियम केवल भविष्य में जुड़ने वाले कर्मचारियों पर लागू किए जाएं.’
सिविलियन स्टाफ के लिए OROP पर: ‘नागरिक कर्मचारियों पर OROP लागू करना व्यावहारिक रूप से कठिन है. सेना के विपरीत, सिविल सेवाओं में अलग-अलग विभाग, कैडर और भर्ती के वर्ष होते हैं. ऐसे में एक समान OROP फॉर्मूला लागू करने से सुधार होने के बजाय नई असमानताएं (Inequities) पैदा हो सकती हैं.’
वार्षिक वेतन वृद्धि (Annual Increment) पर: ‘सालाना इंक्रीमेंट बढ़ाना आसान काम है. यह आगे की तारीख से लागू होता है और इससे पुराने बकाए या अधिकारों पर कोई फर्क नहीं पड़ता. इसके लिए पुराने आंकड़ों को दोबारा कैलकुलेट करने की जरूरत नहीं होती.’
क्रियान्वयन का जोखिम: अमृता टोंक का मानना है कि असली चुनौती नियमों के बदलाव में नहीं, बल्कि उन्हें लागू करने के तरीके में है. स्पष्ट कट-ऑफ तारीख न होना, बदलाव के धुंधले नियम और सही संवाद की कमी, ये ऐसी बातें हैं जो कोर्ट-कचहरी और यूनियन विवादों को जन्म देती हैं.
राज्यों पर क्या पड़ेगा इसका असर
अक्सर राज्य सरकारें भी केंद्र के वेतन आयोग की सिफारिशों को अपने कर्मचारियों के लिए अपनाती हैं. अगर केंद्र के ढांचे में कोई अस्पष्टता (Ambiguity) रहती है, तो राज्यों के स्तर पर विवाद और बढ़ सकते हैं. इसलिए समय सीमा और कर्मचारी श्रेणियों को स्पष्ट रखकर एक चरणबद्ध (Staggered) तरीका अपनाना चाहिए, ताकि राज्य बिना किसी भ्रम के इसका पालन कर सकें.