Khaleel Ahmed Injured: IPL 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बुरी खबर सामने आई है. CSK के स्टार तेज गेंदबाज खलील अहमद चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. खलील अहमद क्वाड्रिसेप्स इंजरी से जूझ रहे हैं. 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान खलील अहमद को चोट लगी थी. हालांकि उस समय चोट की गंभीरता की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन अब मामला साफ हो गया था. खलील अहमद को इस चोट से उबरने में काफी ज्यादा समय लगेगा. उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा. ऐसे में अब वह इस सीजन CSK के लिए बचे हुए मैचों में नहीं खेल पाएंगे. इससे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी की चिंता बढ़ गई है.
खलील अहमद को कैसे लगी चोट?
दरअसल, 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. इसी मैच के दौरान खलील अहमद (Khaleel Ahmed) को दाईं जांघ में चोट लगी थी. इसकी वजह से वह अपने 4 ओवर की स्पेल भी पूरी नहीं कर पाए थे. 3.5 ओवर डालने के बाद ही खलील अहमद को मैदान से बाहर जाना पड़ा था. मेडिकल जांच के बाद पता चला कि उनकी चोट काफी गंभीर है. रिपोर्ट्स के अनुसार, खलील अहमद चोट ग्रेड 2 टियर की है. इस चोट को ‘हाई-ग्रेड पार्शियल टियर’ बताया गया है, जिसमें दाहिने ‘रेक्टस फेमोरिस टेंडन’ में खिंचाव शामिल है. खलील को इस चोट से उबरने में लंबा समय लगेगा.
🚨 BIG BLOW FOR CHENNAI SUPER KINGS 🚨
– Khaleel Ahmed has been ruled out of the IPL 2026 due to an injury. [Bharat Sharma from PTI] pic.twitter.com/NJOs4VJcon
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 16, 2026
खलील अहमद का IPL 2026 में प्रदर्शन
IPL 2026 में खलील अहमद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अहम गेंदबाज हैं. खलील ने इस सीजन 5 मैच खेले हैं, जिनमें 2 विकेट चटकाए हैं. शुरुआती 3 मैचों में खलील अहमद कोई भी विकेट नहीं ले पाए थे. फिर चौथे मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वापसी की और 1 विकेट चटकाए. इसके बाद अगले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी 1 विकेट हासिल किया.
CSK कैंप में इंजरी संकट
चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन इंजरी संकट से जूझ रही है. सीजन की शुरुआत से पहले ही तेज गेंदबाज नाथन एलिस बाहर हो गए थे. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती 3 मैचों से चोट के चलते बाहर हुए थे. एमएस धोनी और स्पेंसर जॉनसन अभी तक मैदान से बाहर चल रहे हैं. वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं. अब खलील अहमद पूरे टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए हैं.