DC vs RCB head to head: आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीमें आमने-सामने होंगी. आज शाम 7:30 बजे होने वाला यह मैच दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है. एक तरफ RCB है जो 7 में से 5 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मजबूती से टिकी है. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स की हालत थोड़ी चिंताजनक है. टीम पिछले 5 में से 4 मैच हारकर सातवें स्थान पर खिसक गई है.
दिल्ली कैपिटल्स की वापसी की तलाश
अंक तालिका में सातवें पायदान पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला साख बचाने जैसा है. पिछले पांच मैचों में से चार हारने के बाद टीम काफी दबाव में है. हालांकि, टीम की बल्लेबाजी फिलहाल सातवें आसमान पर है जिसकी कमान केएल राहुल संभाल रहे हैं. राहुल इस मैच में एक ऐतिहासिक आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे, हाल ही में उन्होंने नाबाद 152 रनों की पारी खेली है जो किसी भी भारतीय द्वारा टी20 में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है.
बल्लेबाजी तो मजबूत है, लेकिन गेंदबाजी अब भी टीम की कमजोर कड़ी बनी हुई है. टीम को सही संतुलन की जरूरत है वहीं कप्तान अक्षर पटेल एक व्यक्तिगत कीर्तिमान के करीब हैं. वह आईपीएल में 2,000 रन और 150 विकेट का डबल पूरा करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होने वाले हैं. दिल्ली की पिच इन दिनों गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही है ऐसे में लुंगी एनगिडी का सिर की चोट के कारण बाहर होना दिल्ली के लिए बड़ा झटका है. उनकी जगह अब गेंदबाजी की जिम्मेदारी काफी हद तक दुष्मंथा चमीरा के कंधों पर होगी.
डिफेंडिंग चैंपियन RCB का दबदबा
दूसरी ओर मौजूदा चैंपियन आरसीबी इस सीजन की सबसे संतुलित टीम नजर आ रही है. सात मैचों में पांच जीत के साथ टीम दूसरे स्थान पर मजबूती से जमी हुई है. सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ट्रेनिंग के दौरान चोटिल होने की वजह से बाहर हैं लेकिन आरसीबी के पास गहराई की कमी नहीं है. विराट कोहली जो इस मुकाबले के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं उनका साथ देने के लिए प्रतिभाशाली जैकब बेथेल टीम में शामिल हो सकते हैं. रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने अब तक क्लिनिकल प्रदर्शन किया है. खासकर भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुआई वाली गेंदबाजी ने हाई-स्कोरिंग मैचों में भी शानदार अनुशासन दिखाया है. +1.101 के बेहतरीन नेट रन रेट के साथ बेंगलुरु इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है.
दोनों टीमों की हेड टू हेड रिकॉर्ड (DC vs RCB Head-to-Head)
इतिहास पर नजर डालें तो पलड़ा बेंगलुरु का ही भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच हुए 34 मुकाबलों में से आरसीबी ने 20 जीते हैं, जबकि दिल्ली के हाथ 13 जीत लगी हैं. हालांकि, हाल के सीजन में दिल्ली ने इस अंतर को कम किया है. महज नौ दिन पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच 26 में दिल्ली ने बेंगलुरु को उसके घर में हराया था. ट्रिस्टन स्टब्स के संभले हुए अर्धशतक और डेविड मिलर की तूफानी पारी की बदौलत दिल्ली ने 176 रनों का लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल किया था.
दिलचस्प बात यह है कि अरुण जेटली स्टेडियम आरसीबी के लिए काफी लकी रहा है; यहां पिछले 10 मैचों में से छह में उन्होंने जीत दर्ज की है. आंकड़ों के लिहाज से देखें तो आरसीबी की जीत की संभावना 55.3% है, लेकि न दिल्ली के पास पिछली जीत का मनोवैज्ञानिक फायदा होगा. क्या दिल्ली अपनी लय वापस पाएगी या बेंगलुरु टॉप-2 में अपनी जगह और पक्की करेगी? यह देखना दिलचस्प होगा.