DC vs RR Predicted Playing XI: राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने होंगे लेकिन दोनों टीमों के हौसले एकदम अलग-अलग हैं. एक तरफ जहां रॉयल्स ने मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ में टेबल-टॉपर पंजाब किंग्स को पटखनी देकर सीजन की पहली हार थमाई वहीं दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स को अपने ही घर में आरसीबी के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी. पंजाब किंग्स के अभेद्य किले को ढहाने के बाद राजस्थान रॉयल्स का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है. 9 में से 6 मैच जीतकर टॉप-4 में बरकरार रॉयल्स अब दिल्ली को हराकर प्लेऑफ की अपनी जगह और पक्की करना चाहेंगे. दिल्ली की हालत फिलहाल पतली है, क्योंकि वे लगातार अपने पिछले तीन मैच हार चुके हैं.
राजस्थान रॉयल्स की मजबूती
रियान पराग की कप्तानी वाली इस टीम के लिए सबसे राहत की बात उनका मिडिल ऑर्डर है. पिछले मैच में डोनोवन फरेरा और ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ शुभम दुबे ने जिस तरह 223 रनों का विशाल लक्ष्य पीछा करते हुए मैच खत्म किया, उसने साबित कर दिया कि यह टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है. इस रोमांचक जीत ने न केवल उन्हें अंक तालिका में ऊपर रखा, बल्कि टूर्नामेंट के निर्णायक मोड़ पर एक नई ऊर्जा भी दी है.
दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के लिए राह मुश्किल होती जा रही है. 8 मैचों में सिर्फ 3 जीत के साथ वे सातवें स्थान पर खिसक गए हैं. अक्षर पटेल की कप्तानी वाली इस टीम को अपनी हार का सिलसिला हर हाल में रोकना होगा. हालांकि, दिल्ली के लिए अच्छी खबर यह है कि दिग्गज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से क्लीयरेंस मिल गई है और वे वापसी के लिए तैयार हैं. लुंगी एनगिडी अब भी सिर की चोट की वजह से बाहर हैं, ऐसे में स्टार्क का आना टीम के गेंदबाजी आक्रमण के लिए संजीवनी जैसा है.
संभावित प्लेइंग इलेवन (Predicted Playing XI)
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा
(इम्पैक्ट प्लेयर: यश राज पुंजा/रवि बिश्नोई)
दिल्ली कैपिटल्स: साहिल पारख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क, दुष्मंथा चमीरा, टी. नटराजन
(इम्पैक्ट प्लेयर: विप्रज निगम/आकिब नबी)