Gayatri Parivar Birth Centenary: गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह के अंतिम दिन आयोजित दूसरे सत्र में संत समागम का आयोजन हुआ. इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज और समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने सामाजिक समरसता, वैश्विक शांति और वैचारिक परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया. वहीं, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान और सशक्तीकरण को समाज की प्रगति का आधार बताया.
वर्तमान वैश्विक परिदृश्य को लेकर कही ये बात
मुख्य अतिथि स्वामी अवधेशानंद जी महाराज ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य अशांति, संघर्ष, अराजकता और वर्चस्व की प्रवृत्तियों से जूझ रहा है. ऐसे समय में विश्व शांति और सामाजिक समरसता की पुनर्स्थापना सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि पिछले सौ वर्षों से निरंतर प्रज्वलित अखंड ज्योति मानवता को प्रकाश, सद्भाव और एकता का संदेश दे रही है. परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, करुणा और मातृत्व ने गायत्री परिवार को एक विराट सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया है.
समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय एक बड़े वैचारिक और नैतिक समुद्र मंथन का काल है. एक ओर त्याग, सेवा, सद्भाव और परमार्थ की शक्तियां हैं, तो दूसरी ओर स्वार्थ, लोभ और अहंकार मानवता के सामने चुनौतियां खड़ी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार समुद्र मंथन से विष के बीच अमृत की प्राप्ति हुई, उसी प्रकार श्रेष्ठ विचारों और संस्कारों के माध्यम से आज भी सकारात्मक परिवर्तन संभव है.
डॉ. पण्ड्या ने भारतीय संस्कृति के मूल भाव ‘आत्मवत् सर्वभूतेषु’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी प्राणियों में आत्मभाव देखने से ही संवेदना, सह-अस्तित्व और सामाजिक समरसता का विकास होगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनौतियों का समाधान केवल बाहरी व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि विचार, भाव और आचरण में परिवर्तन से संभव है. स्वार्थ से सेवा और संघर्ष से सहयोग की ओर बढ़ना ही वास्तविक युग परिवर्तन है.
भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप माना गया है-महंत रवींद्र पुरी महाराज
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप माना गया है. इसलिए नारी का सम्मान और सशक्तीकरण समाज की प्रगति के लिए अनिवार्य है. उन्होंने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना समाप्त करने का आह्वान करते हुए युवाओं से आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े रहने की अपील की.
इस अवसर पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने भी अपने विचार रखे. डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को विशेष रूप से सम्मानित किया. समारोह में 40 देशों से पहुंचे गायत्री परिवार के परिजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
इससे पहले समारोह के अंतिम दिन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और सामूहिक वेदपाठ से हुई. शांतिकुंज के प्रशिक्षित विद्वानों ने पुरुष सूक्त का सस्वर एवं लयबद्ध पाठ किया. इसके पश्चात देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं आध्यात्मिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित हजारों लोगों ने तालियों के साथ सराहा.