Azamgarh Saurabh Rai Story: बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में विदेश गए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के एक युवक को बहरीन में ऐसा अनुभव हुआ, जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएगा. अहरौला के रहने वाले सौरभ राय को बहरीन एयरपोर्ट पर खैनी, तंबाकू और चूना मिलने के बाद हिरासत में ले लिया गया. उन्हें 18 दिनों तक जेल और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा. आखिरकार परिवार ने 7200 बहरीनी दीनार यानी करीब 18 लाख रुपये का जुर्माना जमा किया, जिसके बाद सौरभ की रिहाई हो सकी. भारत लौटने के बाद अब उनकी तबीयत भी खराब हो गई है. परिजनों के मुताबिक, वह टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं.
एयरपोर्ट पर खैनी-तंबाकू मिलने पर हिरासत में लिया
सौरभ राय के मुताबिक, 29 अक्टूबर को वह बहरीन एयरपोर्ट पहुंचे थे. वहां सीमा शुल्क विभाग की जांच के दौरान उनके सामान से चुनौटी, तंबाकू और चूना मिला. इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया. उनका मोबाइल फोन और बैग भी जब्त कर लिया गया. बाद में उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग के हवाले कर दिया गया.
16 डिग्री के कमरे में रखने का आरोप
सौरभ ने बताया कि हिरासत के दौरान उन्हें करीब 16 डिग्री तापमान वाले एसी कमरे में रखा जाता था. वहां 24 घंटे ठंड रहती थी और ओढ़ने के लिए सिर्फ एक हल्की चादर दी गई थी. उनका आरोप है कि अधिकारियों का व्यवहार भी काफी सख्त था. इस दौरान वह मानसिक रूप से परेशान हो गए थे और उन्हें अपने परिवार से दोबारा न मिल पाने का डर सताने लगा था.
18 लाख रुपये जुर्माना भरने पर मिली रिहाई
सौरभ के परिवार ने उन्हें वापस लाने के लिए काफी कोशिश की. बहरीन में परिचितों की मदद से वकील किया गया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कराई गई. सौरभ का कहना है कि जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें 10 से 15 साल तक जेल में रहने की बात बताई गई थी. आखिरकार परिवार ने 7200 बहरीनी दीनार यानी करीब 18 लाख रुपये जमा किए. इसके बाद 18 नवंबर को अदालत से उनकी रिहाई हुई. भारत लौटने के बाद शनिवार को वह अपने घर पहुंचे. बताया गया है कि अब उनके बहरीन जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
घर लौटते ही बिगड़ी तबीयत
18 दिनों की परेशानी के बाद बेटे को घर देखकर परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन उनकी खराब सेहत ने चिंता बढ़ा दी है. परिजनों के मुताबिक, सौरभ को टाइफाइड और मलेरिया हो गया है. फिलहाल परिवार उनके इलाज और स्वास्थ्य को लेकर परेशान है. सौरभ की वापसी के लिए उनके भाई ऋषभ राय लगातार अधिकारियों के संपर्क में थे. परिवार ने गृह विभाग और पुलिस अधीक्षक से मदद मांगी थी. 12 नवंबर को विदेश मंत्रालय से भी संपर्क कर सौरभ की सुरक्षित वापसी की मांग की गई थी.
ये भी पढ़ें : बहरी और गूंगी लड़की का हुआ था रेप, दो महिने बाद मां और अपने ही भाई ने की हत्या; दिल दहला देने वाली है पीछे की वजह
पुलिस ने घर पहुंचकर दर्ज किया बयान
सौरभ की वापसी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हुआ. सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि युवक की सकुशल वापसी हो गई है. संबंधित थाने की पुलिस ने सौरभ के घर पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया है. पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है.