Theft in wedding ceremony: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरी की हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. दिल्ली के द्वारका से आई बारात में शामिल होकर पहुंचे एक युवक ने मेहमानों के बीच मौका देखकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया. जिस वक्त परिवार के सदस्य डीजे फ्लोर पर डांस कर रहे थे, उसी दौरान आरोपी ने टेबल पर रखा बैग उठाया और जैकेट की आड़ में छिपाकर बैंक्वेट हॉल से बाहर निकल गया. चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.
डांस में व्यस्त था परिवार, चोर की नजर टेबल पर रखे बैग पर थी
घटना 20 नवंबर की बताई जा रही है. वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह चल रहा था. इसमें दिल्ली के द्वारका से बारात आई थी. समारोह में परिवार के सदस्य और मेहमान डीजे फ्लोर पर डांस कर रहे थे. इस दौरान उनके बैग, पर्स और अन्य सामान पास में रखी एक टेबल पर रखा हुआ था. इसी बीच जींस और स्पोर्ट्स शूज पहने एक युवक वहां पहुंचा. उसके हाथ में जैकेट थी. युवक ने पहले आसपास नजर दौड़ाई और फिर टेबल पर रखे बैग को उठा लिया. उसने जैकेट की आड़ में बैग छिपाया और तेजी से बैंक्वेट हॉल से बाहर निकल गया. आरोपी की यह पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
बैग में रखे थे 20 लाख के जेवर और ढाई लाख रुपये नकद
परिवार के सदस्य जब डांस करने के बाद वापस टेबल के पास पहुंचे तो वहां रखा बैग गायब मिला. पहले उन्होंने आसपास बैग की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. बाद में जानकारी मिली कि बैग में करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और ढाई लाख रुपये नकद रखे हुए थे. इतनी बड़ी रकम और जेवरात चोरी होने की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया. परिवार ने बैंक्वेट हॉल में काफी तलाश की, लेकिन बैग नहीं मिला. इसके बाद वेव सिटी थाने में शिकायत दी गई.
शादी में मेहमान बनकर आया था आरोपी, खाना खाने का भी दावा
बताया जा रहा है कि आरोपी शादी समारोह में मेहमान बनकर पहुंचा था. दावा यह भी किया जा रहा है कि उसने समारोह में खाना भी खाया था. इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से ही वारदात को अंजाम देने के इरादे से वहां पहुंचा हो सकता है. हालांकि, आरोपी की पहचान और समारोह में आने के उसके मकसद की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें एक युवक टेबल से बैग उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है. पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी है. पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में युवक के कुछ अन्य साथी भी शामिल हो सकते हैं. संभव है कि वे भी मेहमान बनकर समारोह में पहुंचे हों और आरोपी की मदद की हो. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी के साथ संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.