Cameron Green IPL 2026: IPL 2026 का 25वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. इस मैच में केकेआर के 25 करोड़ी कैमरन ग्रीन (Cameron Green) ने 79 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान कैमरन ग्रीन ने कई शानदार शॉट लगाए. इस दौरान ग्रीन ने एक विस्फोटक छक्का लगाया, जो मैदान के बाहर खड़ी डिस्प्ले कार पर जाकर लगी. इससे कार के गेट पर डेंट पड़ गया. दरअसल, IPL के हर मैच के दौरान स्पॉन्सर टाटा की कार Tata Sierra स्टेडियम में प्रदर्शित की जाती है. कैमरन ग्रीन का छक्का सीधे इसी कार पर जाकर लगा. इसका वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें कि आईपीएल में ऐसा काफी कम देखने को मिलता है, जिसमें बल्लेबाज का शॉट जाकर कार पर लगता है. देखें वीडियो…
कैमरन ग्रीन ने बनाया कार को निशाना
केकेआर (Kolkata Knight Riders) की टीम लगातार विकेट गंवा रही थी. ऐसे में कैमरन ग्रीन ने पारी को संभाला. पहले उन्होंने धीमी शुरुआत की, लेकिन फिर गियर चेंज किया. क्रीज पर पांव जमाने के बाद ग्रीन ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए. ग्रीन की इस पारी में 7 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के देखने को मिले. इस दौरान मैदान के बाहर खड़ी Tata Sierra कार भी उनका निशाना बनी. 13वें ओवर में अशोक शर्मा की तीसरी गेंद पर ग्रीन ने डीप स्क्वायर पर लंबा छक्का लगाया, जो सीधे पोडियम पर रखी स्पॉन्सर कार पर जाकर लगी.
𝙂𝙧𝙚𝙚𝙣 𝙨𝙬𝙞𝙣𝙜𝙨, 𝙘𝙖𝙧 𝙨𝙪𝙛𝙛𝙚𝙧𝙨 💥 🚗#CameronGreen connects, clears the ropes, & sends it crashing onto the car for a MAXIMUM! 🤯#TATAIPL | #IPLRivalryWeek 2026 ➡️ #GTvKKR | LIVE NOW 👉https://t.co/jRYOdM0YaS pic.twitter.com/pt2NYUGhQr
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 17, 2026
कैमरन ग्रीन ने बढ़ाया कार कंपनी का खर्चा
कैमरन ग्रीन के शॉट से गेंद जाकर सीधे कार के साइड मिरर के नीचे लगा. हालांकि इससे कार को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन डेंट जरूर पड़ गया. इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई हैं. खास बात यह है कि ग्रीन के इस शॉट से कई गरीब बच्चों का फायदा होने वाला है. दरअसल, स्पॉन्सर टाटा कंपनी की ओर से नई मुहिम चलाई गई है. इसके तहत अगर कार पर बॉल लगती है, तो कार कंपनी 5 लाख रुपये जमीनी स्तर पर बच्चों के लिए क्रिकेट किट खरीदने पर खर्च करेगी.
कैसा रहा गुजरात बनाम केकेआर का मैच?
मैच की बात करें, तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 180 रन बनाए थे. केकेआर की ओर से कैमरन ग्रीन ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए. उनके अलावा रोवमैन पॉवेल ने 27 रनों की पारी खेली. इसके जवाब में उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने 19.4 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. कप्तान शुभमन गिल ने 50 गेंदों पर 86 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके अलावा साईं सुदर्शन ने 22 और जोस बटलर ने 25 रनों का योगदान दिया. इसके दम पर गुजरात ने 5 विकेट से मैच जीत लिया.