Mathura Viral Video: शादियों के सीजन में आपने दूल्हे को फूलों और नोटों की माला पहने तो कई बार देखा होगा, लेकिन मथुरा के सुरीर क्षेत्र में हुई एक घुड़चढ़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां एक जीजा ने अपने दोनों सालों को ऐसा खास तोहफा दिया कि शादी में मौजूद लोग देखते ही रह गए. जीजा ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशालकाय माला पहनाई. इस अनोखे नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घुड़चढ़ी में जीजा ने दिया करोड़ों का खास तोहफा
जानकारी के मुताबिक, सुरीर क्षेत्र के गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी. दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों के साथ होनी है. घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने दोनों को खास अंदाज में शुभकामनाएं देने का फैसला किया. राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोला निवासी योगेश कुमार ने अपने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से तैयार माला पहनाई. बताया जाता है कि योगेश कुमार गांव के सरपंच हैं, जबकि दोनों साले मार्बल शोरूम का कारोबार करते हैं.
500 रुपये के नोटों से बनी 100 फीट लंबी माला
इस आयोजन की सबसे खास बात मालाओं की लंबाई और भव्यता रही. दोनों दूल्हों के लिए तैयार की गई मालाओं में 500-500 रुपये के नए नोट लगाए गए थे. प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है. माला इतनी लंबी और भारी थी कि उसे उठाने और संभालने के लिए कई लोगों की मदद लेनी पड़ी. दोनों दूल्हों को छत पर खड़े होकर ये विशाल मालाएं पहनाई गईं. इस दौरान वहां मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.
ये भी पढ़ें: एक के बाद एक गिरीं 9 लाशें, खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे भक्तों की कैसे हुई मौत? दिल दहला देगी हादसे की पूरी कहानी
मोबाइल में कैद हुआ अनोखा नजारा
घुड़चढ़ी में शामिल लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं. जीजा के इस अनोखे अंदाज और करोड़ों रुपये की नोटों वाली मालाओं की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. सोशल मीडिया पर भी इस आयोजन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.