PBKS vs RR: आईपीएल 2026 का 40वां मैच आज पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा. पंजाब किंग्स इस सीजन की सबसे प्रभावशाली टीमों में से एक बनकर उभरी है. कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की अगुआई में टीम का शानदार बदलाव देखने को मिला है. पंजाब अब तक एक भी मैच नहीं हारी है. पिछले हफ्ते दिल्ली में 265 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करना इसका सबसे बड़ा उदाहरण रहा है.
टीम की सफलता में सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की बड़ी भूमिका रही है, जिन्होंने लगातार तेज शुरुआत देकर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया है. हालांकि बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर पंजाब की गेंदबाजी कभी-कभी कमजोर नजर आई है, लेकिन टीम का संतुलन उसे खतरनाक बनाता है. दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन अब टीम की लय बिगड़ती दिख रही है. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार प्रभावित कर रहे हैं, लेकिन बाकी खिलाड़ियों की अस्थिरता टीम के लिए परेशानी बनी हुई है.
कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड
कप्तान रियान पराग भी खराब फॉर्म के कारण दबाव में हैं. उन्होंने इस सीजन आठ पारियों में सिर्फ 88 रन बनाए हैं. ऐसे में राजस्थान को पंजाब को हराने के लिए सामूहिक प्रदर्शन करना होगा. यह मुकाबला मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स का इस सीजन का आखिरी घरेलू मैच भी होगा, इसलिए टीम अपने प्रशंसकों के सामने जीत के साथ विदाई लेना चाहेगी. आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 30 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें राजस्थान रॉयल्स ने 17 और पंजाब किंग्स ने 13 मैच जीते हैं.
कैसा होगा पिच का मिजाज?
महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है. यहां की पिच आमतौर पर सपाट और कठोर रहती है, जबकि छोटी बाउंड्री बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देती है. नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में अतिरिक्त उछाल और मूवमेंट मिलती है, जिससे पावरप्ले में उन्हें मदद मिलती है. हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी होने लगती है और स्पिनरों की भूमिका बढ़ जाती है. आईपीएल 2026 में इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 193 रहा है, जबकि यहां आईपीएल का सर्वोच्च स्कोर 254 है.