Vaibhav Sooryavanshi Video: IPL 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी सिर्फ अपनी बैटिंग ही नहीं, बल्कि अपनी हाजिरजवाबी से भी सुर्खियां बटोर रहे हैं. महज 15 साल की उम्र में दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले इस युवा सनसनी को लेकर अब सरहद पार पाकिस्तान में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हैरानी की बात यह है कि उनकी खतरनाक पारी को देख अब उनकी काबिलियत पर अजीबोगरीब सवाल उठाए जा रहे हैं. पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स तो यहां तक दावा कर रहे हैं कि उनके बल्ले में कोई ‘जादुई तकनीक’ छिपी है. हालांकि, इन दावों और वायरल हो रहे सवालों पर खुद वैभव ने जो जवाब दिया है, उसने फैंस का दिल जीत लिया है। आइए जानते हैं आखिर क्या है उनके बल्ले का वो राज़ जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।
दरअसल, एक पाकिस्तानी शो में, एक्सपर्ट नौमान नियाज़ ने यह सुझाव दिया कि वैभव सूर्यवंशी के बल्ले में शायद कोई AI चिप लगी हो. अब वैभव ने इस सवाल का एक मज़ेदार जवाब दिया है. वैभव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.
राजस्थान रॉयल्स ने वीडियो शेयर किया
राजस्थान रॉयल्स ने अपने X अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया, ‘क्या आपके बल्ले में कोई AI चिप लगी है?’ सूर्यवंशी ने जवाब दिया, ‘भगवान ने लगा के दिया. ऊपर ही बोला था कि बैट में तुम्हारे कुछ लगाके दे रहा हूं. उसका इस्तेमाल कर रहा हूं.’ इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस सीजन आईपीएल में वैभव ने 400 रन बनाए
वैभव IPL 2026 में अपना दबदबा बनाए हुए हैं. वह फ़िलहाल लीग के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. नौ मैचों की नौ पारियों में उन्होंने 44.44 की औसत और 238.10 के स्ट्राइक रेट से 400 रन बनाए हैं. इस दौरान, उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक बनाए हैं. हैदराबाद के ख़िलाफ़ वैभव ने 36 गेंदों में शतक बनाया.